प्रेमिका के घर मिलने गया था युवक, परिजनों ने हत्या कर आंगन में ही जला दिया शव

प्रेमिका के घर मिलने गया था युवक, परिजनों ने हत्या कर आंगन में ही जला दिया शव
Featured Image

ओडिशा के देवगढ़ जिले में बुधवार देर रात एक 28 वर्षीय युवक की कथित हत्या कर उसके शव को जलाने का मामला सामने आया है। घटना रियामाल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतक की पहचान बाबराकोट गांव निवासी सिलु राय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सिलु राय और युवती एक-दूसरे को पिछले करीब दो साल से जानते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात सिलु अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान कथित तौर पर युवती के परिवार के साथ उसका विवाद हुआ और परिजनों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में सिलु की मौत हो गई। इसके बाद घर के आंगन में उसके शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रियामाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवती और उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की है। पुलिस द्वारा युवती और उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक टीम के मौके पर पहुंच रही है। इसके बाद घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाकर आगे की जांच की जाएगी।

दो साल से था प्रेम प्रसंग

बताया जा रहा है की सिलु राय और युवती पिछले करीब दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच संबंध को लेकर युवती के परिवार में पहले भी विवाद होने की बात सामने आई है। सिलु कुछ समय से गांव से दूर रह रहा था। बुधवार शाम वह अपने गांव लौटा था। देर रात वह युवती के घर उससे मिलने पहुंचा। इसके बाद युवती के परिवार के साथ विवाद हुआ और उस पर हमला किया गया। आरोप है कि युवक की हत्या के बाद उसके शव को घर के आंगन में रखा गया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना वास्तव में कैसे हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

शादी की जिद कर रहा था युवक

देवगढ़ के अतिरिक्त एसपी धीरज चोपदार ने कहा , “यह घटना रात 11 बजे की है। हमने मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के भाई ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि नरोत्तम बेहेरा और उनके परिजनों ने उनके भाई सीलू की हत्या कर दी है। हमें पता चला है कि मृतक आरोपी की पुत्री से प्रेम करता था। अलग-अलग जाति के होने की वजह दोनों परिवारों में मतभेद था। मृतक शादी करने की जिद कर रहा था। कल रात भी मृतक आरोपी के घर आया था, जिसके बाद आरोपी और मृतक के बीच झगड़ा हुआ। शिकायत के अनुसार आरोपी और उनके परिजनों ने सीलू (मृतक) की हत्या कर दी है। मामले में अभी जांच जारी है। एफआईआर में 7 लोग नामजद हैं। अभी मामले में पूछताछ और जांच जारी है। जांच के लिए वैज्ञानिक टीम आ रही है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। जांच के बाद सब पता चलेगा।”

जांच में जुटी पुलिस की टीम

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत कैसे हुई, हमले में कौन शामिल था और शव को आग लगाने की वजह क्या थी, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है। वैज्ञानिक और फोरेंसिक टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए देवगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा जाएगा। (इनपुट- शुभम कुमार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *