पैन कार्ड के नाम पर फर्जी सिम और बैंक खाते खोलने वाले गिरोह के दो और आरोपी गिरफ्तार

पैन कार्ड के नाम पर फर्जी सिम और बैंक खाते खोलने वाले गिरोह के दो और आरोपी गिरफ्तार
Featured Image

Mishrikh, Sitapur : पैन कार्ड बनवाने का झांसा देकर ग्रामीणों के आधार कार्ड व बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाने वाले गिरोह के दो और वांछित अभियुक्तों को साइबर थाना व मिश्रिख पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें ऑनलाइन गेमिंग एप्लीकेशन, मोबाइल नंबर और बैंक खातों से संबंधित विवरण मिलने की बात कही गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को मिश्रिख थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्शीदाबाद में ग्रामीणों से पैन कार्ड बनवाने के नाम पर आधार कार्ड और बायोमेट्रिक लेकर उनका दुरुपयोग करने वाले गिरोह का खुलासा किया गया था। मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस संबंध में मिश्रिख थाने में मु0अ0सं0 215/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में वांछित अन्य आरोपियों की तलाश में साइबर थाना पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी क्रम में 17 सितंबर 2026 को साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कमुलिया क्रॉसिंग (अहरोली संपर्क मार्ग) के पास पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद, निवासी ग्राम फजलपुर, थाना माधोगंज, हरदोई तथा मंजेश पाल पुत्र राजबहादुर, निवासी ग्राम सैदापुर कलां, थाना बघौली, हरदोई के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से Vivo Y400 Pro मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की जांच में धोखाधड़ी से संबंधित ऑनलाइन गेमिंग/एप्लीकेशन ‘Big Winner’, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से जुड़े विवरण मिले हैं।

मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(5), 319(2), 318(4), 338, 336(2), 340(2), 111 बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *