‘तुझे 3 लाख में खरीदा है…’ पहले रेप, फिर निकाह और कश्मीर में हैवानियत, बरेली में पीड़िता ने पुलिस को बताई आपबीती​

‘तुझे 3 लाख में खरीदा है…’ पहले रेप, फिर निकाह और कश्मीर में हैवानियत, बरेली में पीड़िता ने पुलिस को बताई आपबीती​

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक युवती के साथ शादी के नाम पर हैवानियत की हद पार कर दी गई. पीड़िता का आरोप है कि उसका धोखे से निकाह कराया गया, फिर कश्मीर ले जाकर देह व्यापार में फंसाने की कोशिश की गई. उसके साथ रेप किया गया. युवती ने अपने पति और निकाह कराने वाले दोनों परिचितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. युवती बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य के सामने पहुंची और अपनी शिकायत दी. एसएसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

बहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली युवती के मुताबिक, पीलीभीत के जहानाबाद और बरेली के भोजीपुरा इलाके के दो परिचितों ने उसकी शादी कराने की जिम्मेदारी ली थी. दोनों ने परिवार को बताया था कि जम्मूकश्मीर में एक अच्छा रिश्ता है और वहां उसकी शादी हो सकती है. युवती और उसकी बुजुर्ग मां उनकी बातों पर भरोसा कर गईं.

शिकायत के मुताबिक, युवती की शादी 8 फरवरी 2025 को तय हुई थी. इससे दो दिन पहले 6 फरवरी की शाम उसकी मां सामान लेने गांव गई थी. आरोप है कि उस दौरान घर में अकेली युवती के साथ दोनों परिचितों ने जबरदस्ती की. युवती का कहना है कि विरोध करने पर उसे चुप रहने और किसी को कुछ न बताने की धमकी दी गई. उसे डर था कि मामला सामने आने पर उसकी शादी टूट जाएगी और परिवार की बदनामी होगी.

तहसील में तैयार हुए दस्तावेज, फिर हुआ निकाह

युवती के अनुसार, 7 फरवरी को दोनों परिचित उसे बहेड़ी तहसील लेकर गए. वहां जम्मूकश्मीर के पुंछ जिले के रहने वाले युवक के साथ स्टांप पर विवाह से जुड़े दस्तावेज तैयार कराए गए. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके अगले दिन 8 फरवरी को गांव में दोनों का निकाह करा दिया गया.

निकाह के बाद युवती अपने पति के साथ जम्मूकश्मीर चली गई. उसका आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद पति का व्यवहार बदल गया. युवती के मुताबिक, पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. इसी दौरान उसने कथित तौर पर कहा कि युवती को तीन लाख रुपये में खरीदा गया है और अब वह अपनी रकम वसूल करेगा.

देह व्यापार के लिए दबाव डालने का आरोप

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि इसके बाद उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. युवती का यह भी दावा है कि उसे डराने के लिए उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक पर वायरल करने की धमकी दी गई.

महिला के मुताबिक, वह कश्मीर में अपने परिवार से दूर थी और वहां से निकलना उसके लिए आसान नहीं था. काफी समय बाद उसे मौका मिला और वह किसी तरह बरेली स्थित अपने घर वापस पहुंची.

अब युवती ने पुलिस से पति और उन दोनों परिचितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *