2 महीने बाद सिर पर सजना था सेहरा… पटना में सिपाही ने बहन की हत्या के बाद की खुदकुशी, एक ही बेड पर मिले शव​

2 महीने बाद सिर पर सजना था सेहरा… पटना में सिपाही ने बहन की हत्या के बाद की खुदकुशी, एक ही बेड पर मिले शव​

Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके से एक बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां दानापुर के नासरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने अपनी शादीशुदा बहन को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया. दोनों भाईबहन के शव तीसरी मंजिल के कमरे में एक ही बेड पर खून से लथपथ मिले. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सर्विस रिवॉल्वर, 33 जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए.

मृतकों की पहचान ओमचंद्र उर्फ सोनू और उसकी बहन गायत्री देवी के रूप में हुई है. मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मरथुआ गांव के रहने वाले ओमचंद्र को पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी और वह वर्तमान में मोतिहारी में सिपाही के पद पर तैनात था.

ओमचंद्र अपने छोटे भाई उमानाथ और दो बहनों के साथ मिथिला कॉलोनी में ब्रजेश सिंह के मकान में किराए पर रह रहा था. 2 महीने बाद ओमचंद्र की शादी होने वाली थी और घर में तैयारियों का माहौल था.

‘बहन की मानसिक हालत ठीक नहीं थी, दुकानदारों की उधारी से था तनाव’

छोटे भाई उमानाथ ने बताया कि बहन गायत्री देवी की शादी 2004 में बक्सर जिले के गायघाट में हुई थी. लेकिन उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण ससुराल वाले उसे अपने पास नहीं रखना चाहते थे. मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था और तीन महीने पहले ही ओमचंद्र उसे इलाज के बाद दानापुर लाया था.

उमानाथ के अनुसार, गायत्री आसपास की दुकानों से सामान उधार ले लेती थी और दुकानदार ओमचंद्र से पैसों का तकादा करते थे. हाल ही में कुछ दुकानदारों ने बकाया राशि मांगी थी, जिससे ओमचंद्र काफी तनाव में चल रहा था.

सर्विस पिस्टल से वारदात, पुलिस जांच में जुटी

सिटी एसपी संकेत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया मृतक ओमचंद्र मोतिहारी जिले में सिपाही के पद पर कार्यरत था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वारदात के वक्त घर में केवल भाईबहन मौजूद थे. सिपाही ने आपसी विवाद और अत्यधिक मानसिक तनाव में आकर पहले अपनी बीमार बहन को गोली मारी और फिर उसी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली.

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक और पुलिस टीम मामले के सभी कानूनी और व्यक्तिगत पहलुओं की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *