महिला सिपाही के कपड़े फाड़ने से लेकर नाबालिग से हैवानियत तक… जमुई कांड ने खोली खौफ और दबंगई की पुरानी परतें​

महिला सिपाही के कपड़े फाड़ने से लेकर नाबालिग से हैवानियत तक… जमुई कांड ने खोली खौफ और दबंगई की पुरानी परतें​

Jamui Crime News: बिहार के जमुई जिले में मड़वा पहाड़ के पास कोचिंग से घर लौट रहे 10वीं के छात्र और नाबालिग छात्रा के साथ हुई सरेराह मारपीट, बदसलूकी और अश्लील हरकत की खौफनाक घटना ने पूरे बिहार समेत देश को हिलाकर रख दिया है. 19 सितंबर की शाम घटी इस वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया. लेकिन इस शर्मनाक घटना के बाद अब जमुई में असामाजिक तत्वों, शराबबालू माफियाओं और दबंगों की पुरानी कारगुजारियां भी फिर से सुर्खियों में आ गई हैं. स्थानीय लोग और जानकार अब यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या पुलिस द्वारा पहले की गई ढिलाई और कमजोर कार्रवाई के कारण ही ऐसे तत्वों का दुस्साहस इस हद तक बढ़ गया?

जमुई इलाके में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी पुलिस और खासकर महिला पुलिसकर्मियों पर हमले की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटनाएं घट चुकी हैं.

महिला सिपाही आभा कुमारी के फाड़े थे कपड़े

28 जनवरी 2023 को झाझा थाना क्षेत्र के महापुर गांव में सरस्वती पूजा के दौरान मारपीट की सूचना पर डायल112 की टीम पहुंची थी. वहां बेखौफ दबंगों ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया था. इस दौरान महिला सिपाही आभा कुमारी के साथ जमकर मारपीट की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए थे. यह पूरी घटना CCTV में कैद हुई थी. घायल महिला सिपाही इस कदर डर गई थी कि उसने बाद में अपना तबादला करवा लिया था.

बरहट में महिला सिपाही से अभद्रता

बरहट थाना क्षेत्र के कदुआतरी गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों और तस्करों ने हमला कर दिया था. उस दौरान महिला सिपाही उर्मिला कुमारी के साथ अभद्रता और धक्कामुक्की की गई थी.

मड़वा पहाड़: बालू, शराब तस्करों और अपराधियों का सेफ जोन

19 सितंबर को हुई घटना के बाद सामने आए वीडियो में कई लोग नाबालिग छात्रछात्रा को घेरकर शर्मनाक हरकतें करते नजर आए. जांच में सामने आया है कि मड़वा पहाड़ का इलाका लंबे समय से अवैध शराब तस्करों और बालू माफियाओं का अड्डा बना हुआ था.

ग्राम सभा या स्थानीय निवासियों में इन अपराधियों का इतना खौफ था कि कोई भी इनके खिलाफ मुंह खोलने की हिम्मत नहीं करता था. अवैध कमाई और नशे के धंधे ने इन असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद कर दिए थे कि वे दिनदहाड़े राह चलती बेटियों के साथ दरिंदगी करने लगे.

एनकाउंटर में पकड़ा गया मुख्य आरोपी नंदन यादव

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके सहयोगी हरेराम यादव समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, जब टीम मड़वा पहाड़ इलाके में नंदन यादव को दबोचने पहुंची, तो उसने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नंदन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया.

अब खंगाली जा रही हैं पुराने मामलों की फाइलें

जमुई में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद अब जिला प्रशासन और पुलिस महकमे पर पुराने मामलों की फाइलों को दोबारा खोलने और सख्त कदम उठाने का दबाव बढ़ गया है. जांच एजेंसियों के सामने अब केवल 19 सितंबर की घटना की जांच करने की चुनौती नहीं है, बल्कि यह भी पता लगाना जरूरी है कि मड़वा पहाड़ क्षेत्र में सक्रिय इस पूरे सिंडिकेट का नेटवर्क कहांकहां फैला हुआ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुराने रिकॉर्ड खंगालकर ऐसे सभी दबंगों और उनके आकाओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई कानून को हाथ में लेने का दुस्साहस न कर सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *