बिहार में पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी से दरिंदगी… नशीला पदार्थ खिलाकर किया रेप, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल​​

बिहार में पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी से दरिंदगी… नशीला पदार्थ खिलाकर किया रेप, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल​​
Featured Image

Bihar Minor Girl Rape: बिहार के औरंगाबाद जिले से नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में बिहार पुलिस में कार्यरत एक पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया गया. आरोप है कि घटना का वीडियो और फोटो बनाने के बाद उसे वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग को लगातार ब्लैकमेल किया गया.

मामले में नाबालिग की मां के बयान पर गांव के ही रौशन प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. प्राथमिकी में नाबालिग की मां ने आरोप लगाया है कि घटना के दिन वह अपनी सास के साथ औरंगाबाद बाजार गई थीं. घर में नाबालिग अकेली थी. आरोप है कि इसी दौरान रौशन प्रजापति ने कथित तौर पर मिठाई में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया.

वीडियो-फोटो दिखाकर शुरू किया ब्लैकमेल

आरोप के मुताबिक, नशीला पदार्थ खाने के बाद नाबालिग बेहोशी की हालत में चली गई. इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. पुलिस के समक्ष दिए गए आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने घटना का वीडियो और तस्वीरें बना लीं. आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने नाबालिग को कथित वीडियो और तस्वीरें दिखाईं और उन्हें इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा.

शिकायत के अनुसार, इसी धमकी के जरिए वह नाबालिग पर लगातार दबाव बनाता रहा. नाबालिग की मां ने आरोप लगाया है कि करीब 10 दिनों से आरोपी रात के समय नाबालिग को अपने घर आने के लिए दबाव दे रहा था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप है कि उसने नाबालिग को पैसों का लालच दिया और उसके इनकार करने पर कथित वीडियो व तस्वीरें वायरल करने लगा.

परिजनों को जानकारी मिली तो पहुंचे आरोपी के घर

जब कथित तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगे, तब परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई. इसके बाद सोमवार को नाबालिग के परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उससे घटना के संबंध में पूछताछ की. परिजनों ने आरोप लगाया है कि वहां उन्हें धमकी दी गई. इसके बाद नाबालिग की मां ने मुफस्सिल थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी रौशन प्रजापति के फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नाबालिग की मेडिकल जांच कराई जाएगी. थानाध्यक्ष के अनुसार, अब तक की जांच में मामले में आपसी संबंध की बात सामने आई है, लेकिन पीड़िता नाबालिग है. ऐसे में कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की जांच

पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटनाक्रम और कथित फोटो-वीडियो समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच से मामले में आगे और तथ्य सामने आने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *