
जयपुर. राजधानी जयपुर में ज्वैलरी की दुकान पर चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती अंगूठी खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंची और मौका मिलते ही करीब 20 लाख रुपए कीमत की सोने की अंगूठियों से भरा बॉक्स लेकर भाग गई. युवती की पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. हालांकि, दुकानदार और उसके सहयोगी ने पीछा कर युवती को करीब 500 मीटर दूर पकड़ लिया. इसके बाद उसे झोटवाड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटना 3 सितंबर दोपहर करीब 12 बजे निवारू रोड स्थित भवानी ज्वैलर्स की बताई जा रही है.
शुरुआती जानकारी के अनुसार बॉक्स में 25 से ज्यादा सोने की अंगूठियां थीं. युवती के पकड़े जाने के बाद उसके पास से मिर्च पाउडर और चिली स्प्रे भी मिला है. पूछताछ में युवती ने पुलिस के सामने कहा कि उसने यह सब जेल जाने के लिए किया है और वह जेल जाना चाहती है. युवती भवानी ज्वैलर्स की दुकान पर अंगूठी खरीदने के बहाने पहुंची थी. उसने दुकानदार से अलग-अलग अंगूठियां दिखाने को कहा. दुकानदार त्रिलोकचंद प्रजापत ने उसे अंगूठियों का बॉक्स दिखाने के लिए दे दिया. इसी दौरान युवती ने मौका देखकर बॉक्स उठाया और दुकान से बाहर निकलकर भागने लगी. दुकानदार को जब चोरी का पता चला तो उसने तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया.
500 मीटर पीछा कर युवती को पकड़ा
दुकानदार त्रिलोकचंद प्रजापत ने अपने सहयोगी के साथ युवती का पीछा किया. दोनों ने करीब 500 मीटर दूर जाकर युवती को पकड़ लिया. इसके बाद उससे ज्वैलरी का बॉक्स बरामद कर लिया गया. बताया जा रहा है कि बॉक्स में 25 से ज्यादा सोने की अंगूठियां थीं, जिनकी कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए थी. युवती को पकड़ने के बाद दुकानदार ने उसे झोटवाड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
ज्वैलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों में युवती के दुकान में आने से लेकर बॉक्स लेकर भागने तक की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। फुटेज में वह अंगूठियां देखने के दौरान मौका तलाशती नजर आती है और इसके बाद बॉक्स लेकर दुकान से बाहर निकल जाती है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पर्स में मिला मिर्च पाउडर और चिली स्प्रे
युवती के पकड़े जाने के बाद उसके पर्स की तलाशी ली गई तो उसमें मिर्च पाउडर और चिली स्प्रे मिला. इससे पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या युवती ने वारदात के दौरान किसी तरह के विरोध की स्थिति से निपटने की तैयारी कर रखी थी. पूछताछ के दौरान युवती ने कथित तौर पर कहा कि उसने यह चोरी जेल जाने के लिए की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.