डेढ़ महीने​​ में 8 बार सांप ने डंसा! हाथरस में 17 साल की लड़की के पीछे पड़ा सांप? परिवार में दहशत

डेढ़ महीने​​ में 8 बार सांप ने डंसा! हाथरस में 17 साल की लड़की के पीछे पड़ा सांप? परिवार में दहशत
Featured Image

 

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐहन के मजरा छोटा लाडपुर में एक किशोरी को बार-बार सांप के डंसने का मामला सामने आया है. परिजनों का दावा है कि 17 वर्षीय अनीता को करीब डेढ़ महीने में आठवीं बार सांप ने डंसा है. मंगलवार को एक बार फिर सांप के काटने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. परिजन आनन-फानन में किशोरी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

घर में काम करते वक्त फिर सांप नेबनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, अनीता पुत्री कोमल गौतम सरस्वती डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है. मंगलवार सुबह से ही परिवार के लोगों को घर में एक काला सांप दिखाई दे रहा था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। शाम के समय अनीता घर के अंदर काम कर रही थी, तभी सांप ने उसे डंस लिया. किशोरी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, जिसके बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई गई.

पिता बोले- डेढ़ महीने में आठ बार हो चुकी घटना

अनीता के पिता कोमल गौतम का कहना है कि उनकी बेटी को सांप के डंसने की यह आठवीं घटना है. परिवार के मुताबिक, पिछले करीब डेढ़ महीने से घर में सांप दिखाई दे रहा है और इसी दौरान कई बार किशोरी को डंसने की घटनाएं हुईं. परिजनों का यह भी दावा है कि एक बार महज तीन दिनों के भीतर तीन बार सांप के डंसने की घटना हुई थी. हर बार अनीता को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया और उसकी हालत में सुधार हुआ.

दीवार की दरारों और सामान के पीछे छिप जाता है सांप

परिजनों के अनुसार, घर में दिखाई देने वाला सांप कई बार दीवार की दरारों में छिप जाता है और कभी सामान के पीछे चला जाता है. उसे पकड़ने के लिए परिवार ने कई बार सर्प मित्रों की मदद ली, लेकिन अभी तक सांप को पकड़ा नहीं जा सका है. लगातार सांप दिखाई देने के कारण परिवार में डर का माहौल है. खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित हैं और बच्चों का घर के अंदर जाने से भी डरना बताया जा रहा है.

सर्प मित्रों के बाद वन विभाग से मदद की गुहार

सांप को पकड़ने के प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर अब परिवार ने वन विभाग से मदद मांगी है. परिजनों की मांग है कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घर और आसपास के इलाके की जांच करे तथा सांप को पकड़ने का प्रयास करे. परिवार का कहना है कि जब तक सांप पकड़ा नहीं जाता, तब तक उन्हें अनीता समेत घर के अन्य सदस्यों की सुरक्षा की चिंता बनी रहेगी.

क्यों बार-बार घर में दिख रहा सांप?

घटना के बाद गांव में इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीणों का मानना है कि घर या उसके आसपास सांप का ठिकाना या बिल हो सकता है. हालांकि, सांप के बार-बार घर में दिखाई देने और किशोरी के बार-बार डंसे जाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *