हालांकि फाइनल से पहले एक बड़ा सवाल भी चर्चा में है कि अगर अहमदाबाद में बारिश ने खलल डाल दिया और मैच पूरा नहीं हो पाया तो चैंपियन कौन बनेगा? क्या भारत को खिताब मिलेगा या न्यूजीलैंड ट्रॉफी अपने नाम करेगा? दरअसल इस स्थिति के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पहले से ही स्पष्ट नियम तय कर रखे हैं।
IND vs NZ: मैच रद्द हुआ तो कैसे निकलेगा नतीजा?
फाइनल जैसे बड़े मुकाबले का हर हाल में नतीजा निकालने के लिए आईसीसी ने रिजर्व डे का प्रावधान रखा है। अगर 8 मार्च को बारिश के कारण मैच शुरू नहीं हो पाता या बीच में रुक जाता है, तो मुकाबला अगले दिन यानी 9 मार्च को रिजर्व डे पर खेला जाएगा।
अगर मैच (IND vs NZ) 8 मार्च को शुरू होकर बारिश के कारण रुक जाता है, तो रिजर्व डे पर मुकाबला वहीं से शुरू होगा जहां से उसे रोका गया था। यानी मैच दोबारा शुरुआत से नहीं खेला जाएगा। इसके अलावा फाइनल के लिए दोनों दिनों में 120 मिनट तक अतिरिक्त समय भी रखा गया है ताकि मैच पूरा कराया जा सके।
IND vs NZ: मैच पूरा करने के लिए ओवर भी हो सकते हैं कम
आईसीसी के नियमों के मुताबिक मैच को किसी भी स्थिति में पूरा कराने की कोशिश की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ओवरों की संख्या भी कम की जा सकती है। हालांकि मैच का आधिकारिक नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों का कम से कम 10-10 ओवर खेलना जरूरी होता है। अगर इतनी भी बल्लेबाजी संभव नहीं हो पाती, तो मैच का परिणाम निकालना मुश्किल हो जाता है।
IND vs NZ: अगर दोनों दिन बारिश हुई तो क्या होगा?
अगर 8 मार्च और 9 मार्च दोनों दिन बारिश के कारण खेल संभव नहीं हो पाता या मुकाबला पूरा नहीं हो पाता, तो आईसीसी के नियमों के मुताबिक दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। यानी भारत और न्यूजीलैंड दोनों को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का जॉइंट चैंपियन माना जाएगा। क्रिकेट इतिहास में यह स्थिति काफी कम देखने को मिलती है, लेकिन ऐसा पहले भी हो चुका है।
IND vs NZ: भारत की नजर लगातार दूसरे खिताब पर
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरी है और उसकी नजर लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने पर है। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अभी तक कोई भी टीम लगातार दो बार चैंपियन नहीं बन सकी है, लेकिन भारत इस रिकॉर्ड से सिर्फ एक जीत दूर है।
हालांकि फाइनल में उसका सामना न्यूजीलैंड से है, जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। दिलचस्प बात यह भी है कि टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत अब तक न्यूजीलैंड को हराने में सफल नहीं हो पाया है, ऐसे में यह फाइनल मुकाबला और भी ज्यादा रोमांचक होने वाला है।



