Please assign a menu to the primary menu location under menu

Cricket

IPL में होगी ललित मोदी की वापसी? राजस्थान रॉयल्स को खरीदने की रेस में उतरे पूर्व चेयरमैन

 

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की दुनिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लीग की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स जल्द ही नए मालिक के हाथों में जा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फ्रेंचाइजी की बिक्री प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसकी वैल्यूएशन करीब 1.1 बिलियन डॉलर आंकी गई है।

इस संभावित डील की निगरानी वैश्विक निवेश बैंक ‘द रैन ग्रुप’ कर रहा है। माना जा रहा है कि इस सौदे को लेकर 16 मार्च को अहम बैठक भी होने वाली है, जिसमें बिक्री प्रक्रिया के अगले चरण और बोली लगाने वाले समूहों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।

IPL: राजस्थान रॉयल्स की बिक्री पर हो रही बड़ी चर्चा

रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स की हिस्सेदारी बेचने को लेकर मौजूदा मालिकाना समूह सक्रिय हो गया है। फिलहाल टीम का नेतृत्व वेंचर कैपिटलिस्ट मनोज बदाले कर रहे हैं। मौजूदा मालिकाना ढांचे में मनोज बदाले की कंपनी इमर्जिंग मीडिया के पास 65 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

इसके अलावा रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स के पास 15 प्रतिशत, लाचलान मर्डोक के पास 13 प्रतिशत और अन्य छोटे निवेशकों के पास करीब 7 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ऐसे में अगर यह डील पूरी होती है तो राजस्थान रॉयल्स आईपीएल की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी में से एक बन सकती है।

IPL: चार बड़े ग्रुप रेस में शामिल

राजस्थान रॉयल्स को खरीदने की दौड़ में चार बड़े निवेशक समूहों के नाम सामने आए हैं। इनमें कई ऐसे निवेशक भी शामिल हैं जो पहले से ही ग्लोबल स्पोर्ट्स टीमों में निवेश कर चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बिड़ला ग्रुप ने अमेरिकी निवेशक डेविड ब्लिट्जर के साथ मिलकर एक बाइंडिंग बिड पेश की है। ब्लिट्जर पहले फुटबॉल और बास्केटबॉल टीमों में निवेश कर चुके हैं। वहीं निकेश अरोड़ा के साथ मिलकर लंदन स्पिरिट में हिस्सेदारी रखने वाले गजवानी भी इस रेस में शामिल बताए जा रहे हैं।

IPL: ललित मोदी का कंसोर्टियम भी मैदान में

सबसे दिलचस्प नाम इस रेस में पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी का सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार एरिज़ोना स्थित कारोबारी कल सोमानी और ललित मोदी का कंसोर्टियम भी राजस्थान रॉयल्स में हिस्सेदारी खरीदने की कोशिश कर रहा है।

अगर यह डील सफल होती है तो आईपीएल के संस्थापक चेहरों में से एक ललित मोदी की लीग में अप्रत्यक्ष वापसी हो सकती है। इसके अलावा सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला भी इस फ्रेंचाइजी को खरीदने की रेस में शामिल बताए जा रहे हैं।

hi.quicksamachar@gmail.com

Leave a Reply