Please assign a menu to the primary menu location under menu

Cricket

T20 World Cup 2026: नामीबिया से मैच से पहले टीम इंडिया का बड़ा फैसला, क्या इस वजह से बदली प्लानिंग?

 

Team India update of T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ आगाज़ करने के बाद भी टीम इंडिया सतर्क है। 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ होने वाले दूसरे मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने अपनी तैयारियों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है, जिसने सबका ध्यान खींचा है।

दरअसल, भारत ने 9 फरवरी (सोमवार) को होने वाला अपना ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिया है। USA के खिलाफ पहले मैच में बल्लेबाजी की कमजोर तस्वीर सामने आने के बाद यह फैसला कई सवाल खड़े कर रहा है—क्या टीम रणनीति बदल रही है या इसके पीछे कोई और वजह है?

टीम इंडिया की ऑप्शनल प्रैक्टिस कैंसिल होने की आधिकारिक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक इसका संबंध ग्राउंड उपलब्धता से हो सकता है। 10 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबला होना है, जिसके लिए दोनों टीमें 9 फरवरी को अभ्यास करेंगी। माना जा रहा है कि इन्हीं टीमों को पूरा प्रैक्टिस स्लॉट देने के लिए भारत ने अपना ऑप्शनल सेशन छोड़ा।

बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में 9 फरवरी को टीम इंडिया के लिए ‘डे ऑफ’ घोषित किया है। बोर्ड ने यह जरूर साफ किया कि इस दिन न तो कोई प्रैक्टिस होगी और न ही प्रेस कॉन्फ्रेंस। हालांकि, डे ऑफ के पीछे की ठोस वजह साझा नहीं की गई।

ऑप्शनल सेशन कैंसिल होने के बावजूद टीम इंडिया 10 फरवरी को पूरी ताकत के साथ अभ्यास करेगी। शाम 6 बजे से 9 बजे तक अरुण जेटली स्टेडियम में यह प्रैक्टिस सेशन होगा। इसी दिन सुबह 11 बजे नामीबिया और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जिससे पिच और कंडीशंस को लेकर भारत को अहम इनपुट मिल सकता है।

USA के खिलाफ पहला मुकाबला टीम इंडिया के लिए आंखें खोल देने वाला रहा। पावरप्ले में ही भारत के चार विकेट 46 रन पर गिर गए थे और 77 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 84 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाजों ने मोर्चा संभालकर मैच जिताया। शायद यही वजह है कि नामीबिया से पहले टीम इंडिया अब हर कदम फूंक-फूंककर रख रही है।

hi.quicksamachar@gmail.com

Leave a Reply