दिल्ली में इस वीकेंड तक शराब की दुकानें सामान्य समय से दो घंटे पहले, यानी रात 10 बजे की बजाय 8 बजे बंद होंगी. सूत्रों के मुताबिक, जंतरमंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. इससे पहले गुरुवार को भी बिना किसी आधिकारिक घोषणा के कई शराब की दुकानें समय से पहले बंद कर दी गई थीं. अचानक दुकानें बंद होने से कई ग्राहक शराब खरीदने पहुंचे, लेकिन उन्हें लौटना पड़ा.

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “वीकेंड खत्म होने तक सभी शराब की दुकानें रात 8 बजे बंद होंगी. जंतरमंतर पर जारी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर यह फैसला लिया गया है.”
क्यों हो रहे हैं प्रदर्शन?
मध्य दिल्ली में पिछले कई दिनों से कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है. कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले जंतरमंतर पर जुटे छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि उनके कार्यकाल में पेपर लीक हुआ, जिसकी वजह से कई छात्रों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया.
20 जुलाई को हिंसक हुआ था प्रदर्शन
20 जुलाई को CJP द्वारा निकाले गए ‘संसद मार्च’ के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया था. इस दौरान कई प्रदर्शनकारी और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और इसी के मद्देनज़र दिल्ली में शराब की दुकानों के समय में अस्थायी बदलाव किया गया है.