अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर देश ने किया नमन, PM मोदी बोले उनकी दूरदृष्टि और सुशासन हमेशा करेगी मार्गदर्शन

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर देश ने किया नमन, PM मोदी बोले उनकी दूरदृष्टि और सुशासन हमेशा करेगी मार्गदर्शन

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने अटल जी को असाधारण राजनेता बताते हुए उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि अटल जी की दूरदृष्टि अद्भुत थी और उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के शब्दों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया, जबकि उनके नेतृत्व ने देश को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मोदी ने कहा कि सुशासन और जनकल्याण के प्रति अटल बिहारी वाजपेयी का जोर आज भी मार्गदर्शन करता रहेगा।

https://twitter.com/narendramodi/status/2088850592672411651?s=20

सीएम योगी बोले ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का जीवंत उदाहरण थे अटल

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का जीवंत उदाहरण रहा।

योगी ने कहा कि राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्श राजनीति के क्षेत्र में अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान विशेष रहा। उनके ओजस्वी चिंतन, मर्यादित आचरण और कर्मनिष्ठ जीवन ने भारतीय लोकतंत्र में शुचिता, राजनीति में नैतिकता और राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए वाजपेयी का अटूट संकल्प आज भी देशवासियों को विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।

https://twitter.com/myogiadityanath/status/2088869856628326418?s=20

पंकज चौधरी ने कविता की पंक्तियों के साथ किया नमन

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वाजपेयी की कविता की पंक्तियां सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उनके योगदान को याद किया।

पंकज चौधरी ने कहा कि वाजपेयी ने अपने ओजस्वी विचारों और दूरदर्शी नेतृत्व से भारतीय राजनीति को नई ऊंचाई दी। राष्ट्रसेवा को समर्पित उनका जीवन हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

https://twitter.com/mppchaudhary/status/2088798657332334695?s=20

केशव मौर्य ने बताया भारतीय राजनीति का ‘अजातशत्रु’

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति का अजातशत्रु और ओजस्वी कवि बताते हुए श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि विचारों में अडिगता, व्यवहार में विनम्रता और फैसलों में राष्ट्रहित अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन की प्रमुख पहचान थी। मौर्य के मुताबिक, वाजपेयी ने अपने आचरण से दिखाया कि मजबूत सिद्धांतों और लोकतांत्रिक सहमति के साथ भी प्रभावी नेतृत्व दिया जा सकता है।

उन्होंने पोखरण के ऐतिहासिक निर्णय से भारत की सामरिक क्षमता मजबूत करने और आधुनिक अवसंरचना की मजबूत नींव रखने में वाजपेयी के योगदान को अविस्मरणीय बताया।

https://twitter.com/kpmaurya1/status/2088779269858299905?s=20

लखनऊ में ‘अटल स्मृति संध्या’ का आयोजन

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को युगपुरुष और असंख्य कार्यकर्ताओं का पथप्रदर्शक बताते हुए श्रद्धांजलि दी।

वाजपेयी की पुण्यतिथि पर ब्रजेश पाठक की देखरेख में लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में ‘अटल स्मृति संध्या’ का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। कार्यक्रम में पद्मश्री अशोक चक्रधर एकल काव्यपाठ करेंगे।

https://twitter.com/brajeshpathakup/status/2088865607626490234?s=20

तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी

अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। वह प्रधानमंत्री बनने वाले भारतीय जनता पार्टी के पहले नेता थे। उन्होंने तीन बार प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया।

16 अगस्त 2018 को 93 वर्ष की उम्र में नई दिल्ली में उनका निधन हुआ था। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *