‘अब न दरी बिछाएंगे, न किसी के आगे झुकेंगे’, मेरठ रैली में सपाबीजेपी पर ओवैसी का तीखा हमला​

‘अब न दरी बिछाएंगे, न किसी के आगे झुकेंगे’, मेरठ रैली में सपाबीजेपी पर ओवैसी का तीखा हमला​

मेरठ के नौचंदी ग्राउंड में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की संयुक्त जनसभा में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सियासी विरोधियों पर जमकर जुबानी हमला बोला. ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया तो वहीं कांग्रेस पर भी सवाल खड़े किए. मंच से उन्होंने साफ कहा कि यह इत्तेहाद सियासी नहीं, बल्कि दिलों का इत्तेहाद है. अब किसी राजनीतिक पार्टी के आगे भीख नहीं मांगेंगे और न ही किसी पार्टी के लिए दरी बिछाएंगे.

मेरठ के नौचंदी ग्राउंड में आयोजित संयुक्त जनसभा में ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के नाम से राजनीतिक एकजुटता का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि अब एक साथ चुनाव लड़ेंगे और आजाद समाज पार्टी को कामयाब बनाना है.

अपनी वोट की कीमत समझिए

ओवैसी ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में योगी को तीसरी बार मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते हैं तो आने वाले चुनाव में इस मोर्चे को मजबूत करना होगा. उन्होंने दावा किया कि यही मोर्चा बीजेपी और योगी को रोक सकता है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी वोट की कीमत समझिए. अगर महंगाई से परेशान हैं तो अपनी वोट की कीमत रखिए. हम कीमत कम करेंगे.

योगी सरकार पर गंभीर सवाल

ओवैसी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और एनकाउंटर की कार्रवाई को लेकर योगी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से 2024 के बीच उत्तर प्रदेश में हुए एनकाउंटर में 316 लोगों की मौत हुई, जिनमें 110 मुस्लिम थे. उन्होंने कहा कि एनकाउंटर में हिंदू भाइयों की भी मौत हुई है और वो हर एनकाउंटर के खिलाफ हैं.

ओवैसी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में मुस्लिम आरोपियों को निशाना बनाया गया. उन्होंने मदरसों और मस्जिदों पर कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि साढ़े 300 से ज्यादा मस्जिदों और मदरसों को या तो सील किया गया या तोड़ दिया गया.

हम सच्चाई बोलने से नहीं डरते

सहारनपुर में आजादी से पहले की मस्जिद गिराए जाने और संभल में 24 नवंबर 2024 को तीन नौजवानों की गोली लगने से हुई मौत का भी उन्होंने जिक्र किया. ओवैसी ने कहा कि हम सच्चाई बोलने से नहीं डरते. उन्होंने कहा कि जब आजाद मुख्यमंत्री बनेंगे तो रूल बाय गन नहीं, बल्कि रूल बाय लॉ होगा. कानून के मुताबिक आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी.

समाजवादी पार्टी पर भी जमकर हमला

ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि दंगों के दौरान बड़ी संख्या में लोग बेघर हुए और राहत शिविरों में पहुंचे. उन्होंने कहा कि 47 विधायक होने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने पीड़ित लोगों की मदद नहीं की. ओवैसी ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी के लोग हर जगह गए, लेकिन अखिलेश यादव नहीं पहुंचे.

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

उन्होंने सहारनपुर और श्रावस्ती की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जहां मस्जिद में शहादत हुई और मस्जिद तोड़ी गई, वहां अखिलेश यादव नहीं गए, जबकि आजाद समाज पार्टी के लोग हर जगह पहुंचे. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या जा रहे हैं, जहां हमारे बुजुर्गों ने सैकड़ों साल तक नमाज पढ़ी, लेकिन जनता के असल मुद्दों पर उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है.

ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव कहते हैं कि जो पार्टी बीजेपी को हरा सकती है, दलित और मुसलमान उसी पार्टी को वोट दें. उन्होंने सवाल किया कि 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 में बीजेपी को क्यों नहीं हरा पाए. ओवैसी ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि उन्होंने आजाद समाज पार्टी से हाथ क्यों मिलाया. इस पर उन्होंने कहा कि मैंने हाथ नहीं, बल्कि दिल मिलाया है.

हमारे खिलाफ जितना बोलना है बोलिए

उन्होंने लोगों से अपील की कि आजाद समाज पार्टी को कामयाब बनाएं. किसानों का कर्ज माफ करने, महंगाई कम करने और प्रदेश में बदलाव लाने का वादा किया. उन्होंने कहा कि हम कमजोर और बीमार लोगों से मुकाबला नहीं करते. हमारे खिलाफ जितना बोलना है बोलिए, गाली देनी है दीजिए, लेकिन हम अपने मिशन से पीछे नहीं हटेंगे. ओवैसी ने कहा कि जब मैं दुनिया छोड़कर जाऊंगा तो न तुम और न तुम्हारा सियासी बाप मेरे सामने होगा.

महंगाई को लेकर सरकार पर बोला हमला

उन्होंने उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि अंडा 7 रुपये, चावल 40 रुपये, आटा 35 रुपये, चीनी 62 रुपये, नमक 23 रुपये, आलू 16 रुपये और प्याज 49 रुपये किलो तक पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि क्योंकि बाबा चिकन और मटन नही खाते तो चिकन 230 रुपये कीमत है. ओवैसी ने कहा कि अगर लोग इन कीमतों में कमी चाहते हैं तो अपनी वोट की कीमत समझें. उन्होंने यूपी में 6.7 प्रतिशत महंगाई का आंकड़ा भी पेश किया.

ओवैसी ने मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पुराने सांप्रदायिक घटनाक्रमों का भी जिक्र किया. उन्होंने मेरठ के चर्चित हाशिमपुरा कांड और मलियाना कांड का ज़िक्र करते हुए इन दंगों में मुसलमानों के नरंसहार का जिक्र करते हुए कहा कि ये दंगे कांग्रेस की सरकारों में हुए. उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों, बेघर हुए लोगों और राहत शिविरों का मुद्दा उठाते हुए तत्कालीन सपा को घेरा.

गिरिराज सिंह और अन्य नेताओं पर निशाना

ओवैसी ने बीजेपी नेताओं के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने गिरिराज सिंह और अन्य नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ बयान देने वाले लोग सामने आएं और खुलकर बात करें. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें और आजाद समाज पार्टी को लेकर बयान दे रहे हैं, लेकिन हम सच बोलने से पीछे नहीं हटेंगे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि बसपा और कांग्रेस के लोग भी उनके साथ आ सकते हैं. उन्होंने कहा कि अगर वे साथ आएंगे तो उन्हें साथ लेकर चलेंगे. उन्होंने दावा किया कि अब सियासी हवा बदल चुकी है और पुरानी बातें खत्म हो चुकी हैं.

अब किसी पार्टी के सामने भीख नहीं मांगेंगे

जनसभा में उन्होंने कहा कि यह इत्तेहाद सिर्फ राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि दिलों का इत्तेहाद है. अब किसी पार्टी के सामने भीख नहीं मांगेंगे और न ही किसी के लिए दरी बिछाएंगे. फिलहाल मेरठ की इस संयुक्त जनसभा के जरिए असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में आजाद समाज पार्टी और सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को मजबूत करने का संदेश दिया. अब देखना होगा कि इस गठबंधन का असर आने वाले चुनाव में कितना दिखाई देता है और बीजेपी के साथसाथ समाजवादी पार्टी के सियासी समीकरणों पर इसका क्या प्रभाव पड़ता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *