अमेरिका में भारतीय नागरिक पर चाकू से हमला, धर्म पूछने के बाद वार करने का आरोप

अमेरिका में भारतीय नागरिक पर चाकू से हमला, धर्म पूछने के बाद वार करने का आरोप
अमेरिका में भारतीय नागरिक पर चाकू से हमला, धर्म पूछने के बाद वार करने का आरोप

वाशिंगटन। अमेरिका के यूटा राज्य में एक भारतीय नागरिक पर कथित रूप से उसके धर्म के कारण चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सॉल्ट लेक सिटी के पास स्थित एक शॉपिंग मॉल में आरोपी ने हमला करने से पहले पीड़ित से उसका धर्म पूछा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

मॉल में काम कर रहे भारतीय नागरिक पर हमला

जानकारी के अनुसार, यूटा के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली सिटी मॉल में काम करने वाले भारतीय नागरिक सैयद सोहैलुद्दीन पर सोमवार दोपहर पीटर माइकल लार्सन नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला किया। आरोप है कि आरोपी ने सोहैलुद्दीन पर करीब 15 बार चाकू से वार किए। हमले से पहले आरोपी द्वारा पीड़ित से उसका नाम, वह कहां से हैं और क्या वह मुसलमान हैं, जैसे सवाल पूछे जाने की बात सामने आई है।

हत्या के प्रयास समेत कई आरोपों में आरोपी गिरफ्तार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने पीटर माइकल लार्सन को हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित खतरनाक हथियार रखने के संदेह में गिरफ्तार किया है। अदालत में दाखिल दस्तावेजों के हवाले से बताया गया कि आरोपी ने पुलिस को कथित तौर पर कहा कि उसने सोहैलुद्दीन को उसके धर्म के कारण निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी कहा कि वह खुद को बदलाव लाने वाला मानता है और उसका इरादा मुसलमानों को नुकसान पहुंचाने का है। अधिकारियों ने अदालत में कहा कि आरोपी की हिंसक प्रवृत्ति और कट्टर विचारधारा को देखते हुए उसे समाज के लिए खतरा माना जा रहा है।

पीड़ित का अस्पताल में इलाज जारी

हमले के बाद सैयद सोहैलुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। वहीं, आरोपी लार्सन भी घायल हुआ, क्योंकि हमले को रोकने के दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी। पीड़ित के साथ काम करने वाली लूना नुनेज ने बताया कि अस्पताल में सोहैलुद्दीन ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के समय मॉल में अफरातफरी मच गई और लोग डर के कारण घटनास्थल से भागने लगे।

भारतीय दूतावास ने जताया दुख

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वह पीड़ित के परिवार और दोस्तों के संपर्क में है। दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

मुस्लिम विरोधी हिंसा को लेकर चिंता

मुस्लिम अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए जनप्रतिनिधियों से मुस्लिम विरोधी बयानबाजी के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने तक इस पर विस्तृत टिप्पणी नहीं की जा सकती।

ये भी पढ़ें : 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *