अस्पताल बना अखाड़ा: दो महिला ANM के बीच मारपीट, DM तक पहुंचा मामला; पांच सदस्यीय जांच समिति गठित

अस्पताल बना अखाड़ा: दो महिला ANM के बीच मारपीट, DM तक पहुंचा मामला; पांच सदस्यीय जांच समिति गठित
अस्पताल बना अखाड़ा: दो महिला ANM के बीच मारपीट, DM तक पहुंचा मामला; पांच सदस्यीय जांच समिति गठित

सलोन/रायबरेली, अमृत विचार: जिले के सलोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो महिला एएनएम के बीच हुई मारपीट का मामला अब जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। अस्पताल परिसर में कर्मचारियों के बीच हुई हाथापाई के बाद स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बावजूद जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है।

शुक्रवार को जांच समिति ने अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की और संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।

एक सप्ताह पहले शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, सीएचसी सलोन में तैनात एएनएम सोनी वर्मा और लक्ष्मी यादव के बीच करीब एक सप्ताह पहले किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

मामला सलोन कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत सुनने के बाद आपसी समझौता करा दिया।

DM के निर्देश पर गठित हुई जांच समिति

घटना की शिकायत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका तक पहुंचने के बाद उन्होंने पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जांच समिति की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका कुशवाहा अपनी टीम के साथ सीएचसी पहुंचीं। टीम ने दोनों महिला एएनएम के बयान दर्ज किए और घटना के समय की परिस्थितियों के साथ अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित सिंह से भी जानकारी ली।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

जांच पूरी होने के बाद समिति रिपोर्ट तैयार करने के लिए लौट गई है। अब प्रशासन रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित सिंह ने बताया कि यह विभागीय मामला है। जांच टीम ने संबंधित कर्मचारियों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बयान दर्ज किए हैं। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर उठे सवाल

अस्पताल परिसर में कर्मचारियों के बीच मारपीट की घटना ने स्वास्थ्य केंद्र की आंतरिक व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि मामला केवल आपसी विवाद तक सीमित था या प्रशासनिक स्तर पर भी कोई लापरवाही रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *