
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: दिलकुशा पार्क में आम तोड़ने के शक में एक दर्जन युवकों ने पीएसी के दो जवानों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पार्क में दोनों को दौड़ाकर पीटा। जान से मारने की धमकी देकर पत्थर मारकर सिर फोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी भाग निकले। लहूलुहान हालत में जवान कैंप पहुंचे। वहां से दलनायक ने सिविल अस्पताल पहुंचाया। कैंट पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुलंदशहर निवासी सिपाही उम्मेद कुमार 47वीं वाहिनी पीएसी की दलसी में तैनात हैं। वर्तमान में दलसी मुख्यमंत्री आवास सुरक्षा में लगी है। उम्मेद ने बताया कि 14 जुलाई की शाम करीब छह बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह वॉक और व्यायाम करने साथी जवान सोनू कुमार निवासी मेरठ, अजय कुमार और प्रवेश कुमार के साथ दिलकुशा पार्क गए थे। इसी दौरान व्यायाम के दौरान पार्क में लगे पेड़ से आम तोड़ने को लेकर दो युवकों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। जवानों ने आम तोड़ने से इनकार करते हुए विरोध किया तो दबंगों ने गालीगलौज कर 1012 साथियों को बुला लिया। उसके बाद हमलावरों ने गालीगलौज करते हुए पीएसी जवानों से मारपीट शुरु कर दी। यही नहीं आरोपियों ने सिर पर पत्थर मारकर उम्मेद कुमार व सोनू कुमार का सिर फोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर धमकाते हुए फरार हो गए। दोनों ने कैंप पहुंचकर दलनायक की मौजूदगी में प्राथमिक उपचार कराया। बाद में श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में उनका इलाज कराया गया। बुधवार रात उम्मेद कुमार ने कैंट कोतवाली में शिकायत की। कैंट पुलिस ने तहरीर के आधार पर करीब 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसओ कैंट गुरप्रीत कौर ने बताया कि पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।