
बिहार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा तेज कर दी है। शादी को अभी करीब तीन महीने ही हुए थे और नवविवाहिता परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंची थी। उसे उसका देवर छोड़ने आया था और वह बाहर बैठकर पेपर खत्म होने का इंतजार करता रहा। लेकिन जैसे ही परीक्षा खत्म हुई, सभी छात्र-छात्राएं बाहर निकल आए, फिर भी नवविवाहिता का कोई पता नहीं चला।
बताया जा रहा है कि महिला तय समय पर परीक्षा केंद्र के अंदर गई थी, जबकि उसका देवर बाहर ही बैठा रहा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आई तो देवर घबरा गया और परीक्षा केंद्र के अंदर जाकर उसकी तलाश की, लेकिन वहां भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद देवर सीधे घर पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी परिवार वालों को दी। यह सुनते ही परिजन सकते में आ गए और तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नवविवाहिता अपने कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई है।
परिजनों ने एक युवक पर महिला को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।