
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: एसएसआई मलिहाबाद संजय यादव के घर हुई चोरी का खुलासा पीजीआई पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया लाखों रुपये का सामान बरामद किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर पीजीआई सुनील कुमार सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन रावत निवासी पिपरौली, सुदैफ अली निवासी मोहनलालगंज मऊ, विनय कुमार और दीपक यादव निवासी हैबत मऊ मवैया शामिल हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच में सामने आया कि एक आरोपी एसएसआई संजय यादव का पड़ोसी है। 8 जुलाई को एक सदस्य घर के पास स्थित पेड़ की सबसे ऊंची डाल पर चढ़कर बैठ गया था। वह मोबाइल के जरिए लगातार अपने साथियों को बाहर की गतिविधियों और आनेजाने वालों की लाइव लोकेशन देता रहा। इसी दौरान उसके साथी घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी में रखे करीब 25 से 30 लाख रुपये के जेवरात समेटकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, रायबरेली रोड के हैबत मऊ मवैया निवासी एसएसआइ संजय यादव अपने परिवार के साथ बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने विंध्याचल गए थे। देर रात करीब 12 बजे बदमाश वारदात को अंजाम देने पहुंचे। घटना के बाद एसएसआई की पत्नी की तहरीर पर पीजीआई थाने में मामला दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक आरोपितों के कब्जे से अधिकांश चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।