
राजस्थान के धौलपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सैपऊ थाना क्षेत्र के भूरापुरा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
15 साल पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान 35 वर्षीय मथुरा के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2011 में दिनेश कुशवाहा से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं। परिजनों का आरोप है कि पिछले करीब तीन वर्षों से दिनेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
कई बार हुआ समझौते का प्रयास
परिवार के लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों ने कई बार आपसी समझौते की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि दिनेश का व्यवहार लगातार हिंसक होता गया।
नशे में घर पहुंचा, फिर हुआ खूनी हमला
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात दिनेश कथित तौर पर शराब के नशे में घर पहुंचा। उसने पत्नी को जगाकर विवाद शुरू किया और गुस्से में लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद लोहे के सरिए से भी कई वार किए, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में हुई मौत
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश में पुलिस
वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना के बाद दंपति के तीनों बच्चे गंभीर संकट में आ गए हैं। मृतका की बहन का आरोप है कि आरोपी पहले भी पत्नी को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।