उत्तर प्रदेश के मेरठ में पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्ठी गैंग के आतंकी उजैद से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि 19 वर्षीय उजैद यहां ऑनलाइन कट्टरपंथी मॉड्यूल का संचालन कर रहा था. मेरठ में थाना कोतवाली क्षेत्र के बनियापाड़ा में रहने वाले इस आतंकी ने मानव बम बनने की ट्रेनिंग भी ली है. पुलिस इस आतंकी की तलाश बीते 10 महीने से कर रही थी.

यह जानकारी मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेस कांफ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि ठीक एक साल पहले जम्मू के बाहु फोर्ट थाना पुलिस ने आतंकी साजिद को अरेस्ट किया था. उससे पूछताछ और उसकी मोबाइल फोन की जांच में जम्मू पुलिस को एक संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी मिली थी. इस आईडी की जांच कराई गई तो पता चला कि यह मेरठ के उजैद का है. उसी समय से पुलिस उजैद की तलाश कर रही थी.
ऐसे शक के घेरे में आया उजैद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आतंकी गतिविधियों में लिप्त साजिद फिदाइन हमलों की तैयारी में था. इस ऑपरेशन के लिए उजैद ने इंस्टाग्राम पर खुद को तैयार होने की बात कही थी. इसके बाद जम्मू पुलिस ने मेरठ पुलिस को सूचना दी. इसी क्रम में पुलिस ने करीब 10 महीने बाद घेराबंदी कर आरोपी को अरेस्ट किया है. पुलिस की पूछताछ में उजैद ने कई ऐसे खुलासे किए हैं, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान है.
ऐसे बना आतंकी
पुलिस की पूछताछ में उजैद ने बताया कि वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सांप्रदायिक, जिहाद व भारत विरोधी सामग्री देखता था. यही चीजें देखते देखते वह साजिद के नेटवर्क में आया और फिर शहजाद भट्टी के संपर्क में आकर ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क ऑपरेट करने लगा. फिर वह 14 साल से कम उम्र के बच्चों को भड़काऊ ऑडियो भेजकर जिहाद और आतंकी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने लगा. हालांकि बाद में सबूत मिटने की गरज से वह मैसेज डिलीट कर देता था.
फिदायीन हमले की ली थी ट्रेनिंग
पूछताछ में उजैद ने बताया कि नवंबर 2025 में उसने आर्मी के किसी बड़े कैंप या काफिले पर फिदायीन हमले की योजना बनाई थी. इसके लिए साजिद ने रेकी भी कर लिया था. साजिद के जरिए उजैद को गुरेज वैली के माध्यम से हथियार, एक्सप्लोसिव जैकेट और ट्रेनिंग मिली थी. उजैद पाकिस्तान और पीओके में बैठे संदिग्ध व्यक्तियों के सीधे संपर्क में था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वह इंस्टाग्राम, सेशन और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड ऐप्स पर ‘Tuition40’, ‘Brigade’ और ‘AlMuzzahid’ जैसे ग्रुप चला रहा था.
दो पाकिस्तानी आईडी से था संपर्क
एसएसपी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में उजैद के दो पाकिस्तानी आईडी के संपर्क में होने की पुष्टि हुई है. उसने जो मोबाइल इस्तेमाल किया था, उसे पहले ही डिस्मेंटल कर दिया था. उसके द्वारा बनाए गए ग्रुप भी डिलीट कर दिए गए थे. पुलिस अब उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी को वैधानिक कार्यवाही के बाद जम्मूकश्मीर पुलिस को सौंपा जाएगा.