Quick Samachar: इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान हो गया है। इस टीम में मोहम्मद सिराज का नाम न देख हर कोई हैरान है।

कहां गायब हो गए मोहम्मद सिराज, सेलेक्टर्स को नहीं आ रहे नजर? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस​

बीसीसीआई की सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने जब इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली वनडे सीरीज के लिए रविवार को टीम इंडिया का एलान किया तो कई नामों पर चर्चा हुई, लेकिन इस बीच एक नाम सबसे ज्यादा याद किया गया जिसे सेलेक्शन कमेटी भी वनडे में बिसार चुकी सी लग रही है। नाम है मोहम्मद सिराज।

अपनी शानदार लाइनलैंग्थ, न हार मानने वाले जज्बे और बिना थके टीम के लिए जान की बाजी लगाने वाला ये गेंदबाज वनडे में नदारद दिख रहा है। सिराज का नाम टीम में न देख सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और लोग उन्हें याद करने लगे।

क्या है वजह?

फैंस के मन में सवाल है कि इतने शानदार गेंदबाज को वनडे सीरीज के लिए क्यों नहीं चुना गया? भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर सिर्फ वनडे ही नहीं टी20 सीरीज भी खेलेगी। इंग्लैंड से पहले भारत को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए भी सिराज को नहीं चुना गया। हालांकि, इसके पीछे बीसीसीआई ने बताया था कि सिराज को वर्कलोड मैनजेमेंट के चलते बाहर रखा गया है।

नौ जून को बीसीसीआई ने टी20 टीम का एलान करते हुए जो बयान जारी किया था उसमें लिखा था कि सिराज ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। बयान में ये भी लिखा था कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम से बात करने के बाद सिराज को वर्कलोड मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत आराम करने की सलाह दी गई है।

नहीं बताया कारण

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भी सिराज का नाम नहीं था। इंग्लैंड के खिलाफ भी उनका नाम न देख हर कोई हैरान है। बीसीसीआई ने जिस तरह टी20 टीम का एलान करते हुए सिराज के बाहर होने का कारण बताया था उस तरह वनडे टीम का एलान करते समय नहीं बताया। इससे ये साफ नहीं है कि सिराज को वनडे सीरीज में भी वर्कलोड के चलते आराम दिया गया है या फिर उन्हें टीम से बाहर रखा गया है।

इसी कारण सोशल मीडिया पर सिराज को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं कि वह टीम में क्यों नहीं हैं? सेलेक्शन कमेटी पर भी उनको नजरअंदाज करने के आरोप लग रहे हैं।

💬 Comments (0)

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *