कानपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, न्यू कानपुर सिटी से गंगा रिवर फ्रंट तक कई मेगा प्रोजेक्ट्स पर मंथन

कानपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, न्यू कानपुर सिटी से गंगा रिवर फ्रंट तक कई मेगा प्रोजेक्ट्स पर मंथन
कानपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, न्यू कानपुर सिटी से गंगा रिवर फ्रंट तक कई मेगा प्रोजेक्ट्स पर मंथन

कानपुर। शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और निवेश के लिए आकर्षक महानगर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल तेज हो गई है। सांसद रमेश अवस्थी ने सांसद सेवा केंद्र पर कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आकांक्षु गोयल के साथ बैठक कर शहर के भविष्य से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में कानपुर के नियोजित विस्तार, आधुनिक शहरी सुविधाओं और निवेश को बढ़ावा देने वाले विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। इस दौरान शहर के दीर्घकालिक विकास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर रणनीतिक मंथन किया गया।

बैठक में न्यू कानपुर सिटी और एयरोसिटी परियोजनाओं को लेकर चर्चा हुई, जिनका उद्देश्य शहर में आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों का विकास करना है। इसके अलावा गंगा रिवर फ्रंट परियोजना के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने और शहर की प्राकृतिक सुंदरता को नया स्वरूप देने की योजना पर भी विचार किया गया।

खेल सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए ग्रीन पार्क स्टेडियम के आधुनिकीकरण पर भी चर्चा हुई। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण और कानपुर की शहरी अवसंरचना को अधिक मजबूत, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि शहर के लोगों को बेहतर, आधुनिक और सुविधाजनक शहरी वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *