
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर प्राणी उद्यान अब केवल वन्यजीवों को देखने का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि भविष्य के पशु चिकित्सकों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण संस्थान भी बनता जा रहा है। शनिवार से मथुरा वेटेरिनरी कॉलेज के 20 से 22 छात्र यहां सात दिवसीय इंटर्नशिप की शुरुआत करेंगे। इस दौरान उन्हें वन्यजीवों की देखभाल, उपचार और प्रबंधन से जुड़ी बारीकियां सिखाई जाएंगी।
मिलेगा व्यावहारिक अनुभव
कानपुर जू के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. नासिर ने बताया कि मथुरा वेटेरिनरी कॉलेज से हर साल छात्रों का एक बैच प्रशिक्षण के लिए आता है। इस बार भी छात्र पहले इटावा लायन सफारी में सात दिन का प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अब वे अगले सात दिनों तक कानपुर जू में विभिन्न वन्यजीवों के बीच रहकर व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे।
इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को यह समझाया जाएगा कि किसी भी वन्यजीव के व्यवहार, गतिविधियों और दैनिक दिनचर्या को देखकर उसकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कैसे किया जाता है। साथ ही विभिन्न प्रजातियों के जानवरों के भोजन, पोषण, टीकाकरण, डिवॉर्मिंग और नियमित स्वास्थ्य प्रबंधन की प्रक्रिया से भी उन्हें अवगत कराया जाएगा।
सीखेंगे नई तकनीक
प्रशिक्षण का सबसे अहम हिस्सा खूंखार, घायल या बीमार वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने की तकनीक होगी। छात्रों को फिजिकल और केमिकल कैप्चर की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी। इसके अलावा डार्ट गन और ब्लो पाइप के माध्यम से बेहोशी का इंजेक्शन देने की तकनीक, एनेस्थीसिया और सिडेशन की सही डोज तय करने का भी प्रैक्टिकल प्रशिक्षण मिलेगा।
डॉ. नासिर के अनुसार कॉलेज में छात्र वन्यजीव चिकित्सा का सैद्धांतिक ज्ञान प्राप्त करते हैं, लेकिन जू में उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में काम करने का अवसर मिलता है। यहां वे जानवरों के व्यवहार को नजदीक से समझते हैं और उपचार की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव हासिल करते हैं।
संरक्षण में मदद
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का प्रशिक्षण छात्रों को भविष्य में वन्यजीव संरक्षण और चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर विशेषज्ञ बनने में मदद करेगा। आधुनिक तकनीकों और व्यावहारिक अनुभव के साथ तैयार होने वाले पशु चिकित्सक वन्यजीवों के इलाज, संरक्षण और प्रबंधन में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे। कानपुर जू में शुरू होने वाली यह सात दिवसीय इंटर्नशिप छात्रों के लिए सीखने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।
ये भी पढ़ें: