Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में 14 साल के किशोर छोटू की हत्या के मामले में सैनी कोतवाली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, छोटू की हत्या जमीन हड़पने के लालच में की गई थी. इस वारदात में मृतक का बड़ा भाई, उसकी भाभी और भाभी का पिता शामिल बताए जा रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, सैनी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मढ़ियामई गांव निवासी स्वर्गीय रामलखन के 14 साल के पुत्र छोटू का शव गांव के पास तालाब किनारे झाड़ियों में मिला था. बताया गया कि 21 नवंबर की रात छोटू अपनी भाभी के साथ खेतों की तरफ गया था. इसी दौरान उसे शौच जाने के बहाने गांव के बाहर खेतों की ओर ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद उसके बड़े भाई और भाभी के पिता ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया. हत्या के बाद शव को तालाब के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया.
तीनों आरोपी अरेस्ट
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की मां श्यामकली ने सैनी कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई और तीनों को गिरफ्तार कर लिया.
हत्या के बाद छिपाया शव
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राजेश्वर उर्फ टुल्ली रोजगार के सिलसिले में लुधियाना में रहता था. पुलिस के अनुसार, छोटू के नाम जमीन दर्ज थी, जिसे हासिल करने के लालच में राजेश्वर ने अपनी पत्नी निशा देवी और ससुर कमलेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. वारदात को अंजाम देने के बाद राजेश्वर और कमलेश फतेहपुर चले गए, जबकि निशा देवी ने घर पहुंचकर छोटू के लापता होने की सूचना दी, ताकि किसी को उन पर शक न हो.
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है. इस घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. महज जमीन के लालच में एक 14 वर्षीय किशोर की हत्या किए जाने की घटना ने रिश्तों को भी शर्मसार कर दिया है.