क्या जंग छेड़ने वाला था ऋषभ शुक्ला? सआदतगंज ट्रिपल मर्डर के आरोपी के घर में मिला हथियारों का जखीरा​

क्या जंग छेड़ने वाला था ऋषभ शुक्ला? सआदतगंज ट्रिपल मर्डर के आरोपी के घर में मिला हथियारों का जखीरा​

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज में पिछले महीने हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने एक नई एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने यह कार्रवाई हत्यारोपी ऋषभ शुक्ला के घर पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद की है. इस कार्रवाई के दौरान ऋषभ के घर में अवैध हथियारों और कारतूसों का जखीरा मिला है. इस मामले में पुलिस ने हत्यारोपी ऋषभ शुक्ला, उसके हिस्ट्रीशीटर चाचा राजेश शुक्ला और गिरीश शुक्ला के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस के मुताबिक वारदात के 18 दिन बाद गुरुवार को LDA की ओर से हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान आरोपी के ठिकाने पर अवैध हथियारों का जखीरा मिला था. इसमें असलहे, काले बैग में बंदूक, रिवॉल्वर और तमंचा बरामद हुआ था. इसके अलावा एक एयर राइफल और अर्धनिर्मित एयरगन भी मिली है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। यही नहीं, आरोपी के ठिकाने से 12 बोर के 25 कारतूस समेत कुल 45 कारतूस भी बरामद हुए हैं.

तीनों मकानों पर चला बुलडोजर

पुलिस के मुताबिक ऋषभ शुक्ला समेत तीनों आरोपियों के करीब 4,000 वर्गफुट जमीन पर बने मकान एलडीए ने ध्वस्त किए. इस दौरान पुलिस ने इन तीनों घरों की तलाशी ली. इस दौरान बरामद हथियारों का जखीरा देख पुलिस ही नहीं स्थानीय लोग भी हैरान रह गए. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक यदि बुलडोजर नहीं चलता तो इन असलहों की जानकारी ही नहीं मिलती.

7 आरोपियों को हो चुकी है गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक सआदतगंज के नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में रहने वाले ऋषभ शुक्ला ने अपने पड़ोस में रहने वाले आरएसएस कार्यकर्ता शिवाजी तिवारी, उनके भाई शुभेंदु तिवारी और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में शुभेंदु की पत्नी रुचि सात आरोपियों राजेश शुक्ला, ऋषभ शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू दिव्या, प्रिया व अदिति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. यह सभी आरोपी अरेस्ट हो चुके हैं.

क्या जंग छेड़ने वाले थे आरोपी?

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के घर में इतने हथियार देखकर पुलिस भी हैरान है. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी कहीं कोई जंग तो नहीं छेड़ने वाले थे, साथ ही पुलिस यह भी पता करने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों के पास इतने असलहे कहां से आए? इस सवाल का जवाब ढूंढने के लिए पुलिस जल्द ही आरोपियों से जेल में ही पूछताछ करेगी. यदि जरूरी होगा तो आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा. इसी पुलिस ने ट्रिपल मर्डर केस में 510 पन्नों की चार्जशीट तैयार की है. जल्द ही यह चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *