Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सरकारी सिस्टम की लापरवाही का एक हैरतअंगेज और शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने एक ऐसे सफाईकर्मी की ड्यूटी लगा दी, जिसकी मौत आज से करीब 6 महीने पहले ही हो चुकी है. हद तो तब हो गई, जब ड्यूटी पर न पहुंचने और काम में लापरवाही बरतने के आरोप में मृतक कर्मचारी के नाम ‘कारण बताओ नोटिस’ भी जारी कर दिया गया.

यह अजीबोगरीब मामला सामने आने के बाद विकास खंड से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है. अब अधिकारी इसे कंप्यूटर ऑपरेटर की मानवीय त्रुटि बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं और संबंधित कर्मचारियों से जवाबतलब करने की बात कह रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर 84 ब्लॉक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत गांवों और स्कूलों में साफसफाई के लिए कर्मचारियों का रोस्टर जारी किया गया था. इसमें ग्राम दुगांव और वहां के प्राथमिक स्कूल में सफाईकर्मी हरिश्चंद्र की ड्यूटी लगाई गई थी. जब 29 अक्टूबर तक स्कूल और गांव में साफसफाई नहीं हुई और रोस्टर के अनुसार सफाईकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा, तो प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक ने इसकी शिकायत की.
11 कर्मचारियों संग मृतक को भी थमा दिया नोटिस
शिकायत के आधार पर एडीओ पंचायत ने लापरवाही बरतने के आरोप में कुल 11 सफाईकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया. इस सूची में सफाईकर्मी हरिश्चंद्र का नाम भी शामिल था. जब लोगों को पता चला कि जिस हरिश्चंद्र को काम पर न आने के लिए नोटिस दिया गया है, उनकी मौत तो करीब 6 महीने पहले मई 2026 में ही हो चुकी है, तो पूरे विभाग में खलबली मच गई.
किरकिरी हुई तो हरकत में आए अधिकारी
मामला तूल पकड़ने के बाद फतेहपुर 84 के खंड विकास अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि रोस्टर तैयार करते समय कंप्यूटर ऑपरेटर की त्रुटि के कारण मृतक हरिश्चंद्र का नाम सूची में चला गया था और गलती से उन्हें नोटिस भी जारी हो गया. मामला संज्ञान में आते ही इस त्रुटि को सुधार लिया गया है और लापरवाही के लिए संबंधित ऑपरेटर से जवाब मांगा गया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव ने बताया कि पूरा प्रकरण उनके संज्ञान में है. गलती से मृतक सफाईकर्मी का नाम जाने और नोटिस जारी होने के मामले में अब एडीओ पंचायत और कंप्यूटर ऑपरेटर दोनों से जवाब मांगा जा रहा है कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई.