
Image Source : FREEPIK
गर्मियों के मौसम लोग ऐसी जगहों पर जाना पसंद करते हैं, जहां का तापमान ठंडा रहता हो। अगर आप भी अप्रैल और मई के महीने में चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए किसी जगह को एक्सप्लोर करने का प्लान बना रहे हैं, तो आप इनमें से किसी भी एक जगह को अपनी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इन जगहों का तापमान ठंडा रहता है और आपको यहां का शांत माहौल भी काफी ज्यादा पसंद आएगा।
धरती का स्वर्ग, कश्मीर- कश्मीर की खूबसूरती का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस जगह की तुलना स्वर्ग के साथ की जाती है और यही वजह है कि कश्मीर को धरती का स्वर्ग भी कहा जाता है। कश्मीर में अप्रैल-मई के दौरान सुहावना मौसम रहता है। आपको कश्मीर की घाटियों में हरियाली, ट्यूलिप गार्डन और गुलमर्ग पर बर्फ देखने को मिल सकती है।
मुन्नार, केरल- अगर आप गर्मी से राहत पाना चाहते हैं, तो अप्रैल और मई के महीने में मुन्नार जाने का प्लान बना सकते हैं। केरल में स्थित मुन्नार का सुहावना मौसम आपका दिल खुश कर देगा। अगर आपको नेचर के आसपास समय बिताना पसंद है, तो आपके लिए ये एक परफेक्ट जगह साबित हो सकती है। देश-विदेश से आए लोग मुन्नार के चाय के बागान को जरूर एक्सप्लोर करते हैं।
मनाली, हिमाचल प्रदेश- जो लोग कभी भी हिमाचल प्रदेश में स्थित मनाली नहीं गए हैं, वो गर्मियों के मौसम में मनाली को एक्सप्लोर करने का प्लान बना सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मनाली घूमने के लिए अप्रैल और मई के महीने को काफी अच्छा माना जाता है। अगर आप नेचर लवर होने के साथ-साथ एडवेंचरस भी हैं, तो आप यहां पर पैराग्लाइडिंग भी कर सकते हैं।
लेह-लद्दाख- आपको बता दें कि लेह-लद्दाख बेहद खूबसूरत जगह है और यहां का तापमान गर्मियों में भी ठंडा रहता है। लेह-लद्दाख अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। अगर आप यहां पर जाने का प्लान बनाते हैं, तो पैंगोंग झील, नुब्रा घाटी, खारदुंग ला दर्रा और कई प्राचीन मठ को जरूर एक्सप्लोर करें। आप यहां पर ट्रैकिंग, राफ्टिंग और बाइक राइडिंग भी कर सकते हैं।



