गोरखपुर में 10वीं के टॉपर का तालाब में मिला शव, 5 दिन से लापता था; पिता बोले प्रेम प्रसंग में बेटे की हत्या​

गोरखपुर में 10वीं के टॉपर का तालाब में मिला शव, 5 दिन से लापता था; पिता बोले प्रेम प्रसंग में बेटे की हत्या​

Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पांच दिन से लापता 15 वर्षीय छात्र प्रिंस निषाद का शव चिलुआताल में उतराता मिला. प्रिंस 10वीं कक्षा में स्कूल टॉपर था और 23 सितंबर की सुबह कोचिंग के लिए घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी. पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की थी. सोमवार को चिलुआताल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव की पहचान प्रिंस के रूप में हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए BRD मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.

कोचिंग के लिए निकला था, फिर नहीं लौटा

प्रिंस के परिवार के मुताबिक, वह 23 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे बेतियाहाता स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकला था. देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने कोचिंग सेंटर और उसके दोस्तों से भी संपर्क किया, लेकिन छात्र के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद प्रिंस के पिता ने चिलुआताल थाने में शिकायत देकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने छात्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगालनी शुरू की.

पीपीगंज में मिली आखिरी लोकेशन

पुलिस की जांच में प्रिंस के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन पीपीगंज क्षेत्र में मिली. इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया. पुलिस ने उस इलाके में आनेजाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू की. इसी बीच सोमवार शाम पुलिस को चिलुआताल में एक शव उतराता मिलने की सूचना मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया. पहचान की प्रक्रिया में शव प्रिंस निषाद का निकला.

पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार ने किया हंगामा

प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और करीब एक घंटे तक हंगामा किया. परिवार ने छात्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाया. पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए BRD मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्र की मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.

पिता ने प्रेम प्रसंग में हत्या का लगाया आरोप

प्रिंस के पिता का आरोप है कि उनका बेटा एक लड़की से फोन पर बात करता था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पिता ने आशंका जताई कि इसी प्रेमप्रसंग को लेकर उनके बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या की गई और शव को तालाब में फेंक दिया गया. पुलिस ने इस मामले में लड़की और उसके मातापिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस लड़की के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है.

पुलिस बोली प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया

चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *