Quick Samachar: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. आरोप है कि सीएनजी कम डालने और ज्यादा पैसे मांगने का विरोध करने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने कार मलिक के साथ जमकर मारपीट की. इतना ही नहीं, पंप कर्मचारियों ने कार मलिक को दौड़ादौड़ा कर पीटा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

ग्रेटर नोएडा में सीएनजी कम डालने पर विवाद… पेट्रोल पंप कर्मियों ने कार मालिक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा​

जानकारी के अनुसार, रविवार को वीरेंद्र त्यागी अपनी कार में सीएनजी भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचे थे. आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने बिना मीटर जीरो किए सीएनजी भर दी और निर्धारित मात्रा से कम गैस डालने के बावजूद ज्यादा रुपए मांगे, जब वीरेंद्र ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. पंप कर्मचारियों ने कार मलिक को दौड़ादौड़ा कर पीटा.

कार मलिक को दौड़ादौड़ा कर पीटा

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने मिलकर कार में गैस डलाने आए शख्स पर हमला कर दिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी. वायरल वीडियो में कुछ लोग कार मालिक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. वहां पर मौजूद किसी राहगीर ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की.

दो आरोपी गिरफ्तार

बादलपुर कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें दो आरोपी राहुल और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं तीसरे आरोपी की तलाश जारी है, जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस पूरे मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.