
नालंदा: तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगा है। परिजनों का आरोप है कि प्रेमिका के बुलावे पर उससे मिलने पहुंचे युवक की उसके परिवारवालों ने हत्या कर दी और शव को गांव के पास पानी भरी नहर में फेंक दिया। दो दिन बाद नहर से शव मिलने के बाद सनसनी फैल गयी। शव बरामद होने का मामला सामने आया है।
गर्लफ्रेंड ने घर बुलाया और फिर मिली लाश
मृतक की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के गोवालबिगहा गांव निवासी अधिवक्ता ओम प्रकाश के 25 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने शिवम की गर्लफ्रेंड के भाई गौरव समेत अन्य लोगों पर युवक को घर बुलाकर हत्या करने के बाद शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गयी।
पीजी की पढ़ाई के दौरान हुई थी दोस्ती
परिजनों के मुताबिक, करीब छह माह पहले पीजी की पढ़ाई के दौरान शिवम की एकंगरसराय निवासी एसयू कॉलेज की छात्रा से दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। इसकी जानकारी छात्रा के परिजनों को मिलने के बाद उन्होंने शिवम को संबंध खत्म करने की चेतावनी दी थी।
गर्लफ्रेंड के भाई ने फोन करके बुलाया था
परिजनों ने बताया कि 14 सितंबर को छात्रा के भाई गौरव ने शिवम को फोन कर अपने पास बुलाया था। वह उसके साथ चला गया। घरवालों ने फोन पर शिवम से बात की तो उसने बिहारशरीफ में होने की जानकारी दी थी। परिजनों का कहना है कि गौरव ने भी भरोसा दिलाया था कि शिवम के साथ कोई गलत नहीं होगा। इसके बाद उसी रात करीब आठ बजे से शिवम का मोबाइल बंद हो गया। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
नहर में मिला अज्ञात युवक का शव
इसी बीच तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में पानी भरे नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए थाना परिसर में रखा था। परिजन जब वहां पहुंचे तो शव की पहचान शिवम के रूप में हुई। परिजनों ने उसके सिर पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जतायी और शव नहर में फेंके जाने का आरोप लगाया।
मोबाइल से हुई मृतक की पहचान
तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि युवक का मोबाइल 14 सितंबर की रात करीब आठ बजे से बंद था। पानी में पड़े रहने के कारण मोबाइल खराब हो गया था। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। एफएसएल टीम ने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में लगाया और तकनीकी जांच की। इसके आधार पर हिलसा न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता ओम प्रकाश से संपर्क किया गया। इसके बाद शव की पहचान शिवम के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथमदृष्टया युवक के सिर पर चोट का पुराना निशान मिला है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। परिजनों की लिखित शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।