
Image Source : JUST EAT RIGHT/YT
आज हम आपको दलिया उपमा बनाने के बेहद आसान तरीके के बारे में बताएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दलिया उपमा बनाने के लिए एक कप गेहूं का दलिया, एक प्याज, एक टमाटर, एक गाजर, एक आलू, हाफ कप हरे मटर ताजे या फिर फ्रोजन, 2-3 हरी मिर्च, 6 करी पत्ते, हाफ छोटा स्पून जीरा, हाफ छोटा स्पून राई, 1/4 छोटा स्पून हल्दी पाउडर, हाफ छोटा स्पून लाल मिर्च पाउडर, एक बड़ा स्पून तेल, 3 कप पानी, नमक स्वाद अनुसार और हरे धनिए की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- प्याज को छीलकर बारीक-बारीक काट लीजिए। हरी मिर्च, टमाटर और गाजर को भी धोकर बारीक काट लीजिए।
दूसरा स्टेप- आलू को छीलकर इसे भी छोटे-छोटे पीस में कट कर लीजिए। फ्रोजन मटर को लगभग 10 मिनट तक पानी में भिगोकर रख दीजिए।
तीसरा स्टेप- इसके बाद एक कढ़ाई में दलिए को 3 से 4 मिनट तक मीडियम आंच पर तब तक भून लीजिए जब तक इसका रंग हल्का गोल्डन न हो जाए।
चौथा स्टेप- जब दलिए से खुशबू आने लगे तब गैस बंद कर दीजिए और भुने हुए दलिए को किसी भी कटोरे में निकालकर रख लीजिए।
पांचवां स्टेप- इसी कढ़ाई में तेल को गर्म कर इसमें राई, जीरा और करी पत्ता डालिए और इन्हें चटकने दीजिए। इसके बाद कढ़ाई में बारीक कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च एड कर तब तक कुक करें जब तक प्याज का कलर लाइट गोल्डन न हो जाए।
छठा स्टेप- अब आपको कढ़ाई में हरे मटर और आलू डालकर इन्हें धीमी आंच पर लगभग 3 से 4 मनट तक पकाना है। अब गाजर, टमाटर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक को मिक्स करने की बारी है।
सातवां स्टेप- लगभग 4 से 5 मिनट तक इस मिश्रण को पकाएं। सारी सब्जियों के पक जाने के बाद आप इस मिक्सचर में 3 कप पानी एड कर इसमें एक बार उबाल आने दीजिए।
आठवां स्टेप- पानी बॉइल होने लगे, तब मिक्सचर में भुना हुआ दलिया मिला लीजिए। इसके बाद कढ़ाई को ढककर लगभग 10 मिनट तक दलिया उपमा को धीमी आंच पर पकने दीजिए।
नवां स्टेप- जब दलिया उपमा फूल जाए, नरम हो जाए और पानी सोख ले, तब आप गैस बंद करके आखिर में बारीक कटे हुए हरे धनिए से इस डिश की गार्निशिंग कर सकते हैं।
अब आप गर्मागर्म दलिया उपमा का लुत्फ उठा सकते हैं। महज आधे घंटे के अंदर आपका दलिया उपमा सर्व करने के लिए तैयार है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पोषक तत्वों से भरपूर इस डिश का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आएगा। ब्रेकफास्ट के लिए दलिया उपमा एक परफेक्ट ऑप्शन साबित हो सकता है।



