धारवाड़। कर्नाटक के धारवाड़ शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक अपार्टमेंट में रहने वाले एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉक्टर की कथित तौर पर हत्या कर दी गई, जबकि उनका आठ साल का बेटा गंभीर रूप से घायल मिला. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में डॉक्टर की पत्नी पर हत्या का शक है. फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घायल बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

हत्या की आरोपी पत्नी भी डॉक्टर
मृतक की पहचान 45 वर्षीय डॉ. किरण होन्नावर के रूप में हुई है. वह धारवाड़ में पवन हाई स्कूल के सामने स्थित एक अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर परिवार के साथ रहते थे. डॉ. किरण एक निजी अस्पताल में एनेस्थेटिस्ट थे. उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका कट्टनहल्ली भी डॉक्टर हैं और उन्होंने नेत्र रोग में एमएस किया है. दंपती अपने आठ साल के बेटे निहित के साथ रहते थे.
पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि बुधवार को जब परिजनों और दोस्तों ने डॉ. किरण से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन उनकी पत्नी ने उठाया. उन्होंने लोगों से कहा कि डॉ. किरण आराम कर रहे हैं या ड्यूटी पर गए हैं. लेकिन जब शक होने पर शिकायत हुई और पुलिस फ्लैट के अंदर पहुंची तो एक कमरे में डॉ. किरण का शव खून से लथपथ मिला. वहीं उनका बेटा निहित भी गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा था, किसी तरह बस उसकी सांस चल रही थी.
हैरानी की बात ये है कि अपार्टमेंट में घुसते हुए पुलिस ने जो वीडियो बनाया उसमें जहां एक तरफ डॉक्टर की लाश है और मासूम बच्चा लगभग मृत हाल में नीचे पड़ा है वहीं डॉ. प्रियंका लापरवाह ढंग से बेड पर लेटी मोबाइल चलाती दिख रही है.
चल रही थी खून से सने बेटे की सांस
पुलिस के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर चाकू से हमले के निशान मिले हैं. उसकी सांस चल रही थी, इसलिए उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
अब तक की जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के जबरन घर में घुसने के सबूत नहीं मिले हैं. पुलिस का कहना है कि घटना के समय फ्लैट में सिर्फ पति, पत्नी और उनका बेटा ही मौजूद थे. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात कब हुई, इसकी वजह क्या थी और घटना से पहले और बाद में किससे क्या बातचीत हुई.
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह और पूरा घटनाक्रम साफ हो सकेगा.