चलती कार में मां का गला रेतकर बेटी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश! हत्या के बाद शव को नहर में फेंका, पूरी कहानी सामने आई तो पुलिस भी रह गई हैरान​​​​

चलती कार में मां का गला रेतकर बेटी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश! हत्या के बाद शव को नहर में फेंका, पूरी कहानी सामने आई तो पुलिस भी रह गई हैरान​​​​

चलती कार में मां का गला रेतकर बेटी ने प्रेमी संग शव नहर में फेंक दिया। दोनों आरोपी यूपी के हैं। दोनों को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रेम संबंध का विरोध करने पर दोनों ने मिलकर महिला को मौत के घाट उतार दिया।

उत्तराखंड की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने महिला हत्याकांड का खुलासा करके प्रेमी-प्रेमिका को लक्सर रोड से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी यूपी के हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को लेकर कई चौंकाने वाली बातें बताई हैं। आरोपी आकाश चौहान ने पुलिस को बताया कि वारदात के समय वह कार चला रहा था। उसकी प्रेमिका उन्नति पीछे की सीट पर बैठी थी। उन्नति की मां सरिता चालक के बगल वाली सीट पर बैठी थी।

पुलिस के अनुसार रास्ते में सरिता को झपकी लग गई। इसी दौरान पीछे बैठी बेटी उन्नति ने धारदार हथियार से मां सरिता के गले पर हमला कर दिया। हमले से मां गंभीर रूप से घायल हो गई। तुरंत बाद आकाश ने कार को सड़क किनारे रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने मिलकर महिला की हत्या की और शव को बोरी में रखकर कार की डिग्गी में डाल दिया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वे शव को लेकर मंगलौर पुल के पास पहुंचे। सुनसान स्थान देखकर दोनों ने महिला के शव को नहर में फेंक दिया और फरार हो गए। शव मिलने के बाद पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी खंगालते हुए मामले का खुलासा कर दिया।

चार से पांच तोला गहने भी लेकर आई थी युवती

पुलिस के अनुसार पकड़ी गई उन्नति अपनी मां के चार से पांच तोले सोने के गहने भी चोरी कर अपने साथ लेकर आई थी ताकि इन गहनों को बेचकर कुछ दिनों तक दोनों प्रेमी और प्रेमिका ऐश की जिंदगी बिता सके। जब पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो सोने के गहने के बारे में भी पता चला।

मेरठ का है प्रेमी और बुढ़ाना की प्रेमिका

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों आकाश चौहान निवासी दुल्हैड़ा पल्लवपुरम, मेरठ और उन्नति पुत्री अरविन्द निवासी ग्राम ओली माजरा, बुढ़ाना मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों 12वीं पास हैं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मंगलौर कोतवाली में इसका खुलासा किया।

सीआईयू टीम का खुलासे में अहम योगदान

पुलिस ने बताया कि 18 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। रुड़की के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसपी देहात और सीओ मंगलौर के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया। सीआईयू रुड़की टीम का भी इसमें योगदान रहा।

प्रेम संबंध का विरोध करने पर की हत्या

नहर किनारे महिला का सिर कटा शव मिलने के मामले में मंगलौर पुलिस ने मृतक के पति की तहरीर पर बेटी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पति ने दोनों पर प्रेम संबंध का विरोध करने पर महिला की हत्या करने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने प्रेमी और प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक के पति अरविंद निवासी ओली माजरा बुढ़ाना मुजफ्फरनगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी का मेरठ दुल्हेड़ा निवासी आकाश चौहान के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसकी पत्नी सरिता बेटी के इस रिश्ते का विरोध करती थी। पति का आरोप है कि प्रेम संबंध का विरोध करने के कारण बेटी अपनी मां से नाराज रहती थी और उसने कई बार उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

आरोप है कि 17 अगस्त की शाम जब अरविंद ड्यूटी से वापस घर पहुंचा तो उसकी पत्नी सरिता और बेटी घर पर नहीं थीं। उसने बेटी के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह अपनी मां को लेकर आकाश चौहान की कार से मनौना धाम, बरेली जा रही है। सभी चार से पांच दिनों में वापस आ जाएंगे। अगले दिन मंगलवार को पुलिस के माध्यम से पत्नी की हत्या की जानकारी मिली। मृतक के पति ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई कि उसकी पत्नी सरिता की हत्या उसकी बेटी और उसके प्रेमी आकाश चौहान ने मिलकर की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उन्नति, आकाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर भगवान सिंह महर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

उफनते गंगनहर के तेज बहाव में फेंका था शव

महिला की हत्या करने के बाद आरोपियों को पूरा भरोसा था कि शव गंगनहर के तेज बहाव में बह जाएगा और वारदात का किसी को पता नहीं चलेगा। दोनों ने आनन-फानन में शव को मंगलौर पुल के पास गंगनहर में फेंककर मौके से फरार हो गए। आरोपियों की योजना धरी की धरी रह गई। जिस स्थान पर शव फेंका गया था, वहां वह झाड़ियों में अटक गया।

आरोपियों को लगा था कि गंगनहर का तेज बहाव शव को बहाकर दूर ले जाएगा। ऐसे में पुलिस के लिए शव तक पहुंचना तो दूर, उसकी पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाना भी मुश्किल होगा। इसी भरोसे में दोनों वारदात के बाद बेफिक्र होकर फरार हो गए। अगले दिन सुबह गंगनहर के किनारे से गुजर रहे एक राहगीर की नजर झाड़ियों में अटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो धीरे-धीरे हत्या की पूरी कहानी सामने आने लगी।

महिला की हत्या के बाद शव को बोरी में रखा था

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, आरोपियों ने महिला की हत्या के बाद शव को बोरी में रखा था और कार की डिग्गी में डालकर नहर तक पहुंचे थे। इसके बाद सुनसान स्थान देखकर शव को गंगनहर में फेंक दिया था। आरोपियों को उम्मीद थी कि शव पानी में बह जाएगा, लेकिन झाड़ियों में फंसने के कारण वह वहीं रह गया। यही चूक पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई और हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने इस हत्याकांड का त्वरित खुलासा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *