‘चलो कुरकुरे दिलाएंगे…’ प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बच्ची का अपहरण, फिर कमरे में ले जाकर रेप, 6 दिन बाद दरिंदा अरेस्ट​

‘चलो कुरकुरे दिलाएंगे…’ प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बच्ची का अपहरण, फिर कमरे में ले जाकर रेप, 6 दिन बाद दरिंदा अरेस्ट​

Mirzapur girl kidnapping: मिर्जापुर की नौ साल की बच्ची को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से कुरकुरे दिलाने के बहाने अगवा कर रेप की घटना सामने आई है. इस मामले में प्रयागराज जीआरपी ने आरोपी को ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि आरोपी बच्ची को ईरिक्शा से छिवकी रेलवे स्टेशन ले गया और वहां किराये के कमरे में उसके साथ रेप किया. बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद आरोपी उसे लेकर सतना पहुंचा और रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, रेप और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.

मड़िहान थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला अपनी नौ वर्षीय बेटी और मुंह बोले भाई के साथ आठ सितंबर को दिल्ली जाने के लिए मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी. टिकट लेने के दौरान उसकी मुलाकात अजय कुमार नाम के एक व्यक्ति से हुई. उसने भी दिल्ली जाने की बात कही. बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया.

शाम करीब छह बजे उधना स्पेशल ट्रेन संख्या 09032 के जनरल कोच में महिला, उसकी बेटी, मुंह बोला भाई और अजय कुमार सवार हुए. प्रयागराज स्टेशन पहुंचने पर अजय ने बच्ची को कुरकुरे दिलाने की बात कही और उसे अपने साथ ट्रेन से नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म की ओर ले गया. इसके बाद वह बच्ची को लेकर वापस नहीं लौटा. महिला ने काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चला. इसके बाद उसने जीआरपी को सूचना देकर मुकदमा दर्ज कराया.

छिवकी में कमरा लेकर बच्ची के साथ रेप का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्ची को ईरिक्शा से प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन ले गया. वहां उसने करीब 300 रुपये में एक कमरा किराये पर लिया और रात में बच्ची के साथ रेप किया. इसके बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी. इससे आरोपी घबरा गया और बच्ची को लेकर छिवकी स्टेशन पहुंचा.

वहां से ट्रेन पकड़कर दोनों सतना पहुंचे. सतना पहुंचने के बाद भी बच्ची की हालत ठीक नहीं हुई. आरोपी को आगे की यात्रा में पकड़े जाने का डर सताने लगा. इसके बाद उसने 11 सितंबर को बच्ची को सतना रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया.

चाइल्ड लाइन को सुनाई पूरी आपबीती

सतना रेलवे स्टेशन पर बच्ची के मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने उसे चाइल्ड लाइन टीम को सौंप दिया. बच्ची ने चाइल्ड लाइन के अधिकारियों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. इसके बाद सतना चाइल्ड लाइन ने प्रयागराज जीआरपी को सूचना दी. प्रयागराज जीआरपी बच्ची को अपने साथ लेकर आई और उसके बयान के आधार पर रेप, अपहरण और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया.

पहले भी बच्ची से रेप का केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है. वह मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के चंद्रगढ़ मुड़ेल गांव का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, अजय के खिलाफ वर्ष 2022 में मानिकपुर में ट्रेन के अंदर तीन वर्षीय बच्ची के साथ रेप का मामला दर्ज हुआ था. उस घटना में बच्ची की मौत हो गई थी. इस मामले में आरोपी जेल जा चुका है और वर्ष 2026 में जमानत पर बाहर आया था. इसके अलावा मिर्जापुर में उसके खिलाफ चोरी का एक मुकदमा भी दर्ज है.

ललितपुर रेलवे कॉलोनी से हुई गिरफ्तारी

सीओ जीआरपी प्रयागराज अरुण कुमार पाठक ने बताया कि बच्ची को सतना स्टेशन पर छोड़ने के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था. उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया था. 14 सितंबर को ललितपुर रेलवे कॉलोनी के पास घेराबंदी कर अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

रिपोर्ट जय प्रकाश सिंह, मिर्जापुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *