चीन का स्पेस स्टेशन कितना बड़ा, यह ISS से कितना अलग? पाकिस्तान का पहला एस्ट्रोनॉट रवाना​

चीन का स्पेस स्टेशन कितना बड़ा, यह ISS से कितना अलग? पाकिस्तान का पहला एस्ट्रोनॉट रवाना​

चीन का तियांगोंग स्पेस स्टेशन और पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री जीशान सुर्खियों में है. चीन के समयानुसार 25 नवंबर सुबह एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री जीशान अली यहां पहुंचे. उनके साथ चीनी दल भी है. जीशान पहले पाकिस्तानी नागरिक हैं, जिनके खाते में यह उपलब्धि दर्ज हुई है. वे इस समय पृथ्वी की कक्षा में पहुंच चुके हैं. जीशान अधिकतम 10 दिन रहकर शेनझोउ23 से वापस आएंगे. जीशान अली शेनझोउ24 यान के माध्यम से अंतरिक्ष में पहुंचे हैं. आइए, इसी बहाने समझते हैं कि आखिर चीन का तियांगोंग स्पेस स्टेशन कितना बड़ा है? यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से कितना अलग है?

दोनों अंतरिक्ष स्टेशनों में सबसे बड़ा फर्क यह है कि तियांगोंग स्पेस स्टेशन को चीन ने अकेले बनाया है और अन्तराष्ट्रीय स्पेस केंद्र को कई देशों ने मिलकर बनाया है. पृथ्वी से करीब 400 किलोमीटर ऊपर ये दोनों अंतरिक्ष स्टेशन वैज्ञानिक प्रयोगों और लंबे मानव अभियानों के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं. इनमें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का फैलाव करीब 109 मीटर है और उसका द्रव्यमान लगभग 420 मीट्रिक टन है. दूसरी ओर, चीन के तियांगोंग के तीन मूल मॉड्यूल का द्रव्यमान करीब 66 मीट्रिक टन है.

दोनों लगभग समान ऊंचाई पर काम करते हैं, लेकिन उनका आकार, निर्माण और संचालन अलग है. ISS कई देशों की साझेदारी से बना है, जबकि तियांगोंग को चीन ने अपने मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत बनाया है. यह एक खास फर्क दोनों ही अंतरिक्ष केंद्रों में है.

शेनझोउ24 और जीशान अली

चीन का शेनझोउ24 यान 25 नवंबर 2026 को जिउछुआन प्रक्षेपण केंद्र से रवाना हुआ और करीब साढ़े तीन घंटे बाद तियांगोंग से जुड़ गया. इस यान में सवार मुहम्मद जीशान अली पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री बने. वह मिशन में पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर शामिल हैं. वे पहले पाकिस्तानी नागरिक हैं, जो पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने में कामयाब हुए हैं. उनसे पहले नमिरा सलीम 2023 में एक उपकक्षीय उड़ान से अंतरिक्ष जा चुकी थीं, लेकिन उनका यान पृथ्वी की कक्षा में नहीं गया था.

मुहम्मद जीशान अली.

तियांगोंग स्पेस स्टेशन कब और कैसे बना?

तियांगोंग का निर्माण पृथ्वी की कक्षा में 29 अप्रैल 2021 को शुरू हुआ, जब चीन ने इसका केंद्रीय मॉड्यूल तियानहे लॉन्च किया. जुलाई 2022 में वेंतियान प्रयोगशाला भेजी गई और अक्टूबर 2022 के आखिर में मेंगतियान प्रयोगशाला रवाना हुई. दोनों प्रयोगशालाओं को कक्षा में तियानहे से जोड़कर उसके दो तरफ लगाया गया. इस तरह 2022 के अंत तक स्टेशन का तीन मॉड्यूल वाला मूल ढांचा तैयार हो गया. चीन ने इससे पहले तियांगोंग1 और तियांगोंग2 नाम की परीक्षण प्रयोगशालाएं भी भेजी थीं. नाम मिलताजुलता है, लेकिन वे मौजूदा स्टेशन का हिस्सा नहीं थीं.

तियांगोंग के तीन मॉड्यूल में क्या है?

तियांगोंग अंग्रेजी के टी अक्षर जैसा दिखता है. बीच में तियानहे है, जहां स्टेशन को नियंत्रित करने वाली प्रणालियां और चालक दल के रहने की मुख्य जगह हैं. इस मॉड्यूल की लंबाई 16.6 मीटर और अधिकतम व्यास 4.2 मीटर है. वेंतियान में वैज्ञानिक प्रयोगों की सुविधा के साथ एक एयरलॉक है, जिससे अंतरिक्ष यात्री स्पेसवॉक के लिए बाहर निकल सकते हैं. यह केंद्रीय मॉड्यूल की कुछ अहम प्रणालियों के लिए बैकअप भी देता है. मेंगतियान में स्टेशन के भीतर और बाहर प्रयोग करने की सुविधाएं हैं. इसका अलग कार्गो एयरलॉक उपकरणों को बाहर भेजने या वापस अंदर लाने के काम आता है.

चीन का तियांगोंग स्पेस स्टेशन.

अधिकतम छह लोगों के रहने की जगह

चीन के राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन के मुताबिक तीनों मूल मॉड्यूल का कुल द्रव्यमान करीब 66 मीट्रिक टन है. अंदर रहने के लिए करीब 110 घन मीटर जगह है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। स्टेशन पर आम तौर पर तीन अंतरिक्ष यात्री रहते हैं. जब नया दल पहुंचता है और पुराना दल अभी लौटा नहीं होता, तब थोड़े समय के लिए छह लोग रह सकते हैं. शेनझोउ यान चालक दल को लाते और ले जाते हैं, जबकि तियानझोउ मालवाहक यान उपकरण, ईंधन और दूसरी जरूरी सामग्री पहुंचाते हैं.

ISS का निर्माण कब शुरू हुआ?

ISS का पहला मॉड्यूल जार्या नवंबर 1998 में लॉन्च हुआ. इसके कुछ ही समय बाद अमेरिकी यूनिटी मॉड्यूल उससे जोड़ा गया. नवंबर 2000 में पहला दीर्घकालिक चालक दल पहुंचा और तब से स्टेशन पर लगातार इंसान रह रहे हैं. इसका मुख्य निर्माण 2011 तक चला, हालांकि उसके बाद भी नए हिस्से जोड़े गए. इसके निर्माण और संचालन में अमेरिका, रूस, जापान, कनाडा और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की भागीदारी है. बड़े हिस्सों को अलगअलग उड़ानों में कक्षा तक पहुंचाया गया और अंतरिक्ष यात्रियों तथा रोबोटिक उपकरणों की मदद से जोड़ा गया.

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन.

ISS में अमेरिका की डेस्टिनी, यूरोप की कोलंबस और जापान की किबो जैसी प्रयोगशालाएं हैं. कनाडा की रोबोटिक भुजा कनाडार्म2 स्टेशन के बाहर उपकरण संभालने और कुछ मालवाहक यानों को स्टेशन से जोड़ने में मदद करती है. बड़े सौर पैनल बिजली देते हैं. अंदर सोने की जगह, व्यायाम की सुविधा और कुपोला नाम का खिड़कियों वाला हिस्सा है, जहां से अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी और स्टेशन के बाहरी हिस्सों को देख सकते हैं.

आकार, कक्षा और चालक दल में कितना अंतर है?

द्रव्यमान के लिहाज से ISS, तियांगोंग के मूल ढांचे से ज्यादा बड़ा है. ISS का करीब 420 मीट्रिक टन वाला आंकड़ा आनेजाने वाले यानों को छोड़कर है. उसके 109 मीटर के फैलाव में बड़े सौर पैनलों वाला बाहरी ढांचा शामिल है. अंदर रहने योग्य जगह करीब 388 घन मीटर है, जो तियांगोंग की करीब 110 घन मीटर जगह से साढ़े तीन गुना है. ISS पर आम तौर पर सात लोग रहते हैं, जबकि तियांगोंग पर सामान्य संख्या तीन है. ऊंचाई में इतना बड़ा फर्क नहीं है.

ISS औसतन करीब 400 किलोमीटर ऊपर रहता है और लगभग 90 मिनट में पृथ्वी की एक परिक्रमा करता है. तियांगोंग को 340 से 450 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच काम करने के लिए डिजाइन किया गया है. दोनों निचली पृथ्वी कक्षा में हैं, जहां स्टेशन और उसके अंदर मौजूद लोग साथसाथ पृथ्वी की ओर गिरते हुए उसकी परिक्रमा करते हैं. इसी वजह से अंतरिक्ष यात्रियों को भारहीनता जैसा अनुभव होता है.

दोनों स्टेशनों पर किस तरह की रिसर्च होती है?

ISS पर लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने का हड्डियों, मांसपेशियों और शरीर की दूसरी प्रणालियों पर क्या असर पड़ता है, इसका अध्ययन किया जाता है. वहां पौधों की वृद्धि और नई तकनीकों पर भी प्रयोग होते हैं. तियांगोंग की प्रयोगशालाओं में जीवन विज्ञान, पदार्थ विज्ञान और सूक्ष्म गुरुत्व में तरल पदार्थों के व्यवहार पर शोध किया जा सकता है. दोनों स्टेशनों का फायदा यह है कि वैज्ञानिक ऐसे प्रयोग दिनों या महीनों तक चला सकते हैं, जिन्हें पृथ्वी पर उसी तरह करना मुश्किल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *