डबल मर्डर से दहला वैशाली… युवक ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई को गोलियों से भूनकर मार डाला, सामने आई ये वजह

डबल मर्डर से दहला वैशाली… युवक ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई को गोलियों से भूनकर मार डाला, सामने आई ये वजह

Vaishali Crime News:बिहार के वैशाली जिले से पारिवारिक दुश्मनी और जमीनी विवाद का एक बेहद खौफनाक अंजाम सामने आया है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में रविवार सुबह रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतकों में भारतीय सेना के एक जवान भी शामिल हैं, जो कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे. इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे गांव में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू कर दी है.

डबल मर्डर से दहला वैशाली… युवक ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई को गोलियों से भूनकर मार डाला, सामने आई ये वजह

इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है. मृतकों की पहचान भारतीय सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके बुजुर्ग पिता मुनारीक राय के रूप में हुई है. जितेंद्र कुमार देश की सेवा में तैनात थे और परिवार में एक अन्य रिश्तेदार की करंट लगने से हुई आकस्मिक मौत के बाद छुट्टी लेकर अपने गांव रजासन आए थे. परिजनों को बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि देश की सरहद पर दुश्मनों का सामना करने वाले उनके घर के चिराग की जिंदगी की यह आखिरी छुट्टी साबित होगी. इस घटना के बाद से मृतक के घर में चीखपुकार मची हुई है.

शनिवार को पुलिस ने शांत कराया था मामला, रविवार सुबह बरपाया कहर

जमीन और रास्ते को लेकर चल रहा यह विवाद शनिवार से ही सुलग रहा था. शनिवार शाम को विवादित जमीन से निकलने वाले रास्ते को लेकर सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके चचेरे भाई जगदीश राय के बीच तीखी बहस हुई थी. स्थानीय लोगों की सूचना पर बिदुपुर थाना पुलिस शनिवार को ही मौके पर पहुंच गई थी और दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया था. शनिवार को शांत हुआ मामला रविवार सुबह फिर भड़क उठा. आरोप है कि रविवार की सुबह आरोपी जगदीश राय ने फिर से जानबूझकर विवाद खड़ा किया. बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने पिस्तौल निकालकर अपने चाचा मुनारीक राय और भाई जितेंद्र कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

पिता की मौके पर मौत, अस्पताल ले जाते समय फौजी ने तोड़ा दम

आरोपी के सिर पर खून इस कदर सवार था कि उसने बुजुर्ग चाचा पर भी तरस नहीं खाया. गोलीबारी की इस भीषण घटना में बुजुर्ग मुनारीक राय को गंभीर गोलियां लगीं और उन्होंने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया. वहीं चचेरे भाई और आर्मी जवान जितेंद्र कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए. आसपास के लोग और परिजन उन्हें आननफानन में इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल ले गए, लेकिन वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया.

घर छोड़कर फरार हुआ आरोपी परिवार; सदर SDPO और SP पहुंचे मौके पर

वारदात की गंभीरता को देखते हुए वैशाली पुलिस के आला अधिकारियों ने खुद कमान संभाल ली है. घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ रजासन गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला रास्ते के पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है. वारदात के बाद नामजद आरोपी जगदीश राय और उसके परिवार के सभी सदस्य अपने घर में ताला बंद कर फरार हो गए हैं.

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा तुरंत हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने वहां रोतेबिलखते पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली. इसके बाद एसपी खुद भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. एसपी शुभांक मिश्रा ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *