
बिहार। बिहार के सहरसा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। जहां 55 वर्षीय एक व्यक्ति पर पड़ोसी 13 वर्षीय दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगा है।
इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है, और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। मामला सलखुआ थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता ने मां ने थाने में दर्ज कराई केस
इस घटना के बाद पीड़िता की मां थाने पहुंची और इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने नामजद महिला आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
आरोपी दीवार फांदकर घुसा घर के अंदर
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना इसी साल मार्च की बताई गई है। उस समय किशोरी के माता-पिता इलाज कराने के लिए बाहर गए हुए थे। घर में किशोरी अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला 55 वर्षीय उमेश यादव ने रात करीब 11 बजे दीवार फांदकर घर में घुस गया और किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
गर्भवती होने पर मामले का हुआ खुलासा
घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकी दी कि, अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा। धमकी से डरी लड़की ने घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी। घटना के कुछ समय बीत जाने के बाद परिजनोें को लड़की की गर्भवती होने की जानकारी मिली। परिवार की ओर से इसका विरोध करने पर आरोपी पक्ष पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
गर्भपात के बाद किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी
आवेदन के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन किशोरी के माता-पिता अपने मायके गए हुए थे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान उमेश यादव और उसकी पत्नी दुरो देवी किशोरी को बहला-फुसलाकर एक निजी अस्पताल ले गए। आरोप है कि, वहां किशोरी का जबरन गर्भपात करा दिया गया। घर लौटने के बाद किशोरी ने रोते हुए परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
परिजनों का आरोप है कि, आरोपी लगातार किशोरी को डरा धमका रहे थे। इससे परेशान होकर किशोरी की मां ने सलखुआ थना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए सलखुआ थाना पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ निशीकांत भारती ने बताया कि, इस मामले की जांच पुलिस कर रही है। मामले की कार्रवाई करते हुए नामजद महिला आरोपी को हिरासत में लिया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और न्यायालय में धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी की गई है। उन्होंने ने बताया कि, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस मुख्य की तलाश कर रही है।