दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप… बरेली में नवविवाहिता का नदी में मिला शव, 16 दिन पहले हुई थी शादी

दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप… बरेली में नवविवाहिता का नदी में मिला शव, 16 दिन पहले हुई थी शादी

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिशारतगंज थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव नदी से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. महज 16 दिन पहले हुई शादी के बाद इस तरह युवती की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप… बरेली में नवविवाहिता का नदी में मिला शव, 16 दिन पहले हुई थी शादी

दरअसल मृतका की पहचान 21 वर्षीय श्रीदेवी के रूप में हुई है. वह बिशारतगंज थाना क्षेत्र के रघुवीपुरा गांव की रहने वाली थी. परिजनों के मुताबिक, श्रीदेवी की शादी 26 जून को बदायूं जिले के एक युवक के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद ही वह मायके लौट आई थी. परिवार का कहना है कि बेटी ससुराल में खुश नहीं थी और उसने दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी. इसी वजह से वह दोबारा ससुराल जाने से भी मना कर रही थी.

9 जुलाई से थी लापता

परिजनों ने बताया कि 9 जुलाई को श्रीदेवी अचानक घर से बिना कुछ बताए निकल गई थी. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी जानकारी की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उसे गांव के पास नदी की तरफ जाते देखा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से नदी और आसपास के इलाके में लगातार तलाश कराई. आज खोज के दौरान नदी में एक शव दिखाई दिया. शव बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान श्रीदेवी के रूप में हुई. शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में चीखपुकार मच गई और गांव में भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.

मृतका के पिता नेत्रपाल का आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार परेशान किया जाता था. उनका कहना है कि बेटी की मौत सामान्य नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की

उधर, बिशारतगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा. फिलहाल परिजनों की तहरीर, घटनास्थल से मिले तथ्यों और जांच में सामने आने वाले सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *