
फोटोशूट बना मुसीबत!Image Credit source: x/@anbeanews
शादी के दिन हर दुल्हन चाहती है कि उसकी तस्वीरें बेहद खूबसूरत और यादगार हों. इसके लिए लोग अलग-अलग तरह के आइडिया अपनाते हैं. कोई शानदार लोकेशन चुनता है तो कोई खास सजावट के साथ फोटोशूट करवाता है. लेकिन तुर्की के इस्तांबुल में एक दुल्हन के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उसने शायद सपने में भी कल्पना नहीं की होगी. खूबसूरत तस्वीरें खिंचवाने का उसका प्लान अचानक डरावने अनुभव में बदल गया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वजह बने उसके हाथ में मौजूद ढेर सारे गुब्बारे और तेज हवा.
यह घटना इस्तांबुल में बोस्फोरस जलडमरूमध्य के पास हुई. दुल्हन अपनी शादी के फोटोशूट के लिए पहुंची थी. उसने हल्के बेज रंग के बड़े-बड़े गुब्बारों का एक गुच्छा पकड़ रखा था. इन गुब्बारों को तस्वीरों को खास और आकर्षक बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था और फोटोग्राफर अपने कैमरे में दुल्हन के खूबसूरत पलों को कैद कर रहा था, लेकिन तभी मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज हवा का एक झोंका आया और गुब्बारों को जोर से अपनी तरफ खींचने लगा. गुब्बारों में भरी हवा के दबाव के कारण दुल्हन का संतुलन बिगड़ गया. वह खुद को संभालने की कोशिश करती रही, लेकिन हवा का जोर इतना ज्यादा था कि उसके पैर जमीन पर फिसलने लगे.
दुल्हन को गुब्बारों ने सड़क पर घसीटा
कुछ ही पलों में स्थिति काफी डरावनी हो गई. गुब्बारे दुल्हन को पास बनी पत्थर की दीवार और समुद्र किनारे की तरफ खींचने लगे. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि वह पूरी ताकत लगाकर गुब्बारों को पकड़ने और खुद को गिरने से बचाने की कोशिश कर रही है. एक पल ऐसा भी आता है, जब लगता है कि तेज हवा उसे जमीन से ऊपर उठा सकती है.
दुल्हन की हालत देखकर फोटोग्राफर को तुरंत समझ आ गया कि मामला अब सिर्फ फोटोशूट तक सीमित नहीं रहा. उसने बिना देर किए अपना कैमरा एक तरफ रखा और तेजी से दुल्हन की मदद के लिए दौड़ पड़ा. उसने समय रहते दुल्हन को पकड़ लिया और उसे आगे खिंचने से बचा लिया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में महिला को कोई चोट नहीं आई. कुछ देर बाद वह दोबारा अपना फोटोशूट जारी रखने में भी कामयाब रही.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने इस पर जमकर मजे लिए. कई यूजर्स को हॉलीवुड की मशहूर एनिमेशन फिल्म ‘Up’ की याद आ गई. साल 2009 में आई इस फिल्म में कार्ल फ्रेडरिकसन नाम का किरदार सैकड़ों गुब्बारों की मदद से अपने घर को आसमान में उड़ा देता है. लोगों ने दुल्हन के वीडियो की तुलना इसी फिल्म के सीन से करनी शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: न डिग्री चाहिए, न अनुभव! बस रोबोट को घुमाइए और हर घंटे कमाइए ₹1,700
कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि दुल्हन अपने महंगे फोटोशूट के गुब्बारे छोड़ने को तैयार ही नहीं थी. वहीं, कुछ लोगों ने लिखा कि इस बार ‘हवा में उड़ जाना’ वाली कहावत सच होती नजर आ रही थी. हालांकि, इस मजेदार दिखने वाले वीडियो के पीछे एक जरूरी बात भी छिपी है. खुले इलाकों में बड़े गुब्बारों के साथ फोटोशूट करवाना तेज हवा के दौरान जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे में खूबसूरत तस्वीरों के चक्कर में सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. इस्तांबुल की इस दुल्हन के लिए तो यह फोटोशूट एक ऐसा अनुभव बन गया, जिसे शायद वह जिंदगीभर नहीं भूल पाएगी.
यहां देखिए वीडियो
İstanbul Boğazı kenarında, elindeki çok sayıda dekoratif balonun etkisiyle sürüklenen bir gelin, fotoğraf çekimi sırasında zor anlar yaşadı. Balonların gelini sürüklemesi nedeniyle çekim bir türlü gerçekleştirilemedi. https://t.co/BOvbWd5nB6
— Anbean (@anbeanews) October 28, 2026