
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में 24 साल की हरियाणा निवासी महिला से कथित गैंगरेप के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवानों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, यह घटना अमरोहा के हसनपुर इलाके में एक फार्महाउस में हुई. गिरफ्तार आरोपियों में हसनपुर थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल के अलावा CRPF का एक सब-इंस्पेक्टर और एक हेड कॉन्स्टेबल शामिल हैं.
अमरोहा के पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव ने बताया कि महिला हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है. महिला ने आरोप लगाया कि 20 सितंबर को उसकी एक महिला परिचित ने उसे फोन किया और CRPF इंस्पेक्टर मोहित से मिलने के लिए कहा. मोहित मुजफ्फरनगर जिले के सौरंग गांव का रहने वाला बताया गया है. महिला को कथित तौर पर बताया गया था कि वे अमरोहा में धार्मिक स्थलों पर घूमने जाएंगे.
10 प्वाइंट्स में जानें पूरी डिटेल
1. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला 21 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत में मोहित से मिली. इसके बाद दोनों मेरठ गए. वहां राजस्थान के अलवर के रहने वाले CRPF हेड कॉन्स्टेबल लालाराम यादव भी उनके साथ शामिल हो गए.
विज्ञापन
2. अगली शाम मोहित और लालाराम यादव कथित तौर पर महिला को कार से हसनपुर लेकर गए. रास्ते में उन्होंने सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर को भी कार में बैठा लिया.
3. पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी महिला को अतरासी-हसनपुर रोड स्थित एक फार्महाउस पर लेकर गए. वहां उन्होंने दो कमरे किराए पर लिए. शिकायत के मुताबिक, पुलिस हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद ने ग्रुप के लिए खाना और शराब का इंतजाम किया.
4. शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि बाद में मोहित, लालाराम यादव और संजय तोमर ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया. इसके बाद प्रमोद भी कमरे में आया और कथित तौर पर महिला से रेप करने की कोशिश की. महिला ने उसे धक्का देकर कमरे से बाहर कर दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया.
5. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद महिला ने ऑनलाइन पुलिस हेल्पलाइन नंबर तलाशा और बुधवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को फोन किया. सूचना मिलते ही हसनपुर और रजबपुर थाने की पुलिस टीमें फार्महाउस पहुंचीं. पुलिस ने महिला को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
6. SP लखन सिंह यादव ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपहरण या बहला-फुसलाकर ले जाने और गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है.
7. पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
8. मामले में हसनपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है. उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है. SP ने बताया कि CRPF के दोनों जवानों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करते हुए वरिष्ठ CRPF अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है.
9. हसनपुर कोतवाली के प्रभारी अमर पाल सिंह के मुताबिक, जिस फार्महाउस में कथित घटना हुई, वह उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक का बताया जा रहा है. पुलिस ने फार्महाउस के मैनेजर से भी पूछताछ की है. मामले की जांच जारी है.
10. इस घटना पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि जब शासन अपराध पर आधारित होता है तो पुलिस बल भी भ्रष्ट हो जाता है.