
डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडिटिंग टूल्स की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार करना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। ऐसे में आधार कार्ड जैसी महत्वपूर्ण पहचान से जुड़े दस्तावेजों की सत्यता जांचना भी जरूरी हो गया है। इसी जरूरत को देखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने Aadhaar QR Scanner एप उपलब्ध कराया है, जिसकी मदद से आधार कार्ड की वैधता की जांच की जा सकती है। दरअसल, UIDAI के नए आधार एप में QR आधारित पहचान सत्यापन की सुविधा दी गई है। वहीं QR कोड को स्कैन कर जानकारी सत्यापित करने का काम Aadhaar QR Scanner एप करता है।
यह फर्जी आधार कार्ड के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचाव में मददगार साबित हो सकता है। Aadhaar QR Scanner, UIDAI द्वारा विकसित एक आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन है। इसे आधार एप का पूरक माना जा सकता है। जहां आधार एप में उपयोगकर्ता अपने आधार से जुड़े विभिन्न कार्य कर सकते हैं, वहीं QR Scanner एप किसी अन्य व्यक्ति के आधार QR कोड की जांच और सत्यापन के लिए उपयोग किया जाता है।
ऐसे काम करता है यह एप
एप इंस्टॉल करने के बाद सबसे पहले कैमरे की अनुमति मांगी जाती है। अनुमति मिलने के बाद उपयोगकर्ता सीधे किसी भी आधार कार्ड पर मौजूद QR कोड को स्कैन कर सकता है। इसके अलावा, यदि QR कोड की तस्वीर पहले से मोबाइल गैलरी में सेव है तो उसे भी ऐप के माध्यम से अपलोड कर स्कैन किया जा सकता है।
जानिए क्यों उपयोगी है यह एप
आधार कार्ड की प्रामाणिकता की जांच करने में मदद करता है।
फर्जी दस्तावेजों की पहचान आसान बनाता है।
इंटरनेट कनेक्शन के बिना भी काम कर सकता है।
आधार से जुड़ी जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने में मदद करता है।
QR कोड स्कैन करने पर संबंधित व्यक्ति की फोटो दिखाई देती है, जिससे पहचान का मिलान किया जा सकता है।
QR कोड स्कैन करने पर ये जानकारी मिलेगी
जब किसी आधार कार्ड के QR कोड को स्कैन किया जाता है, तो ऐप संबंधित व्यक्ति की उपलब्ध जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित करता है। साथ ही यह भी बताता है कि स्कैन किया गया आधार वैध है या नहीं। यदि आधार धारक ने सीमित जानकारी साझा करने का विकल्प चुना है, तो स्कैनर केवल वही जानकारी दिखाएगा जिसे साझा करने की अनुमति दी गई है। इस तरह उपयोगकर्ता की गोपनीयता भी सुरक्षित रहती है और पहचान का सत्यापन भी संभव हो जाता है।
बढ़ते डिजिटल फ्रॉड के दौर में उपयोगी साधन
विशेषज्ञों का मानना है कि ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के मामलों में वृद्धि के बीच Aadhaar QR Scanner जैसे टूल पहचान सत्यापन को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बना सकते हैं। खासकर होटल चेक-इन, किरायेदारी, नौकरी सत्यापन और अन्य पहचान आधारित प्रक्रियाओं में इसका उपयोग फायदेमंद हो सकता है।