नशे की लत से तंग आकर पिता ने उठाया ऐसा खौफनाक कदम, 5 लाख रुपये देकर बेटे की हत्या की कराई प्लानिंग, जांच में सामने आई परिवार के अंदर की हैरान करने वाली कहानी

नशे की लत से तंग आकर पिता ने उठाया ऐसा खौफनाक कदम, 5 लाख रुपये देकर बेटे की हत्या की कराई प्लानिंग, जांच में सामने आई परिवार के अंदर की हैरान करने वाली कहानी
Featured Image

Jalaun News: उत्तर प्रदेश में जालौन जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. जिस पिता ने अपने बेटे को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था, उसी पर बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि बेटे की नशे की लत और उसकी हरकतों से परेशान होकर पिता ने उसे रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी. पुलिस ने पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

जानकारी के मुताबिक, जालौन जिले में रहने वाला एक शख्स अपने बेटे की नशे की लत से परेशान था. उसने बेटे मरवाने की साजिश रची. साजिश के तहत तीन आरोपियों ने ग्वालियर के नशा मुक्ति केंद्र से युवक को बाहर निकलवाया और कार में ही रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे में भरकर मध्य प्रदेश के भिंड देहात कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया. मामले का खुलासा होने के बाद शनिवार को मध्य प्रदेश पुलिस ने जालौन के उरई पहुंचकर पिता समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

बेटे की नशे की लत से परेशान था पिता

जानकारी के अनुसार, उरई शहर के मोहल्ला बजरिया निवासी रशीद अंसारी का बड़ा बेटा 27 वर्षीय रहीस उर्फ शानू काफी समय से नशे का आदी हो गया था. उसकी नशे की लत से परिवार के लोग परेशान थे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। बताया जाता है कि नशे की हालत में वह घर के सामान में तोड़फोड़ करता था. यहां तक कि घर में आग लगाने के इरादे से सिलिंडर का रेगुलेटर खुला छोड़ देता था. बेटे की इन हरकतों से परेशान होकर रशीद अंसारी ने उसे ग्वालियर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा दिया था.

आरोप है कि बेटे की हरकतों से परेशान आकर रशीद ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना डाली. इसके लिए उसने उरई शहर कोतवाली के शिवपुरी निवासी गुड्डू, मुन्ना तथा माहिल के पास रहने वाले इजरायल से संपर्क किया. पुलिस जांच के मुताबिक, रशीद ने तीनों को अपने बेटे की हत्या करने के लिए तीन 5 रुपये की सुपारी दी थी.

पिता ने ही कराई बेटे की हत्या

बताया गया कि 26 अक्टूबर को रशीद अंसारी खुद ग्वालियर स्थित नशा मुक्ति केंद्र पहुंचा और वहां से अपने बेटे रहीस उर्फ शानू को बाहर निकलवाया. इसके बाद उसे तीनों आरोपियों के साथ कार में बैठा दिया और खुद पीछे से आने की बात कहकर वहां से चला गया. आरोप है कि रास्ते में तीनों ने कार के अंदर ही रस्सी से गला कसकर रहीस की हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे में भरकर भिंड देहात कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए.

चार आरोपी गिरफ्तार

उधर, शव मिलने के बाद भिंड पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसी दौरान एक कैमरे में अर्टिगा कार का नंबर दिखाई दिया. पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तो मामले के तार जालौन से जुड़ते चले गए. इसके बाद, मध्य प्रदेश पुलिस ने जालौन पहुंचकर कार्रवाई की और शुक्रवार रात रशीद अंसारी, मुन्ना, गुड्डू और इजरायल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस चारों आरोपितों को अपने साथ मध्य प्रदेश ले गई.

इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. जिस बेटे को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए पिता ने नशा मुक्ति केंद्र भेजा था, उसी बेटे की हत्या की साजिश में पिता के शामिल होने का आरोप सामने आने से लोग स्तब्ध हैं. फिलहाल मामले में मध्य प्रदेश पुलिस की कार्रवाई और विवेचना जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *