पत्नी को इंप्रेस करने के लिए चुराई कार, बोला खरीदकर लाया हूं; पुलिस ने पहुंचाया जेल​

पत्नी को इंप्रेस करने के लिए चुराई कार, बोला खरीदकर लाया हूं; पुलिस ने पहुंचाया जेल​

नोएडा में पत्नी से चल रहे विवाद को खत्म कर उसे खुश करने और अपना प्रभाव जमाने के लिए एक युवक ने कार चोरी कर ली. चोरी की कार लेकर वह पत्नी के पास पहुंचा और उसे बताया कि कार खरीदकर लाया है. हालांकि, उसकी यह चाल ज्यादा दिन नहीं चल सकी. कार चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पति की हरकत से पत्नी भी हैरान है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान एटा निवासी 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है. वह नोएडा के सेक्टर63 स्थित छजरसी में किराये के मकान में रहता था और ड्राइवर का काम करता था. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था. वह पत्नी को मनाना चाहता था और उसे प्रभावित करने के लिए कार लेकर उसके पास पहुंचना चाहता था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी वजह से उसने कार चोरी करने की योजना बनाई.

इंटरव्यू देने गई थी कार मालिक युवती

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद निवासी एक युवती टैटू आर्टिस्ट है. वह इंटरव्यू देने के लिए नोएडा के सेक्टर18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग पहुंची थी. युवती ने अपनी कार पार्किंग में खड़ी की और इंटरव्यू के लिए चली गई. इसी दौरान अरुण ने मौका पाकर पार्किंग से कार चोरी कर ली और वहां से फरार हो गया.

कुछ समय बाद जब युवती वापस पार्किंग पहुंची तो कार गायब थी. उसने मामले की सूचना पुलिस को दी. शिकायत के आधार पर सेक्टर20 थाने में कार चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने पार्किंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश शुरू कर दी.

चोरी की कार लेकर एटा जाने की तैयारी में था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की कार लेकर आरोपी एटा की ओर जाने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी और चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान सेक्टर20 पुलिस ने डीएलएफ मॉल की ओर जाने वाले रास्ते पर खाली प्लॉट के पास आरोपी को पकड़ लिया.

पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की कार बरामद कर ली. जांच में सामने आया कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी. पुलिस ने तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से असली नंबर प्लेट भी बरामद की.

पत्नी को दिखाने के लिए चोरी की कार

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि पत्नी के साथ उसका विवाद चल रहा था. वह पत्नी को मनाकर रिश्ते में सुधार करना चाहता था. इसके लिए उसने कार खरीदने का झूठ बोलकर पत्नी को प्रभावित करने की योजना बनाई. लेकिन कार चोरी करने के बाद पत्नी को इंप्रेस करने की उसकी कोशिश उलटी पड़ गई और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

पुलिस ने चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद करने के बाद आरोपी के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *