उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और गंगा एक्सप्रेसवे पर महज छह घंटे के अंदर तीन बड़े हादसे हुए. इन हादसों में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच गए. इनमें भी 6 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है. इन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर किया गया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों हादसों की अलग अलग जांच कर रही है.

पहला हादसा उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ. इस हादसे में दिल्ली से छठ पूजा में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर बिहार जा रहे लोगों को बेलगाम ट्रक ने रौंद दिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 20 से अधिक लोग घायल हो गए. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से 6 लोगों की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है.
बसट्रेन में नहीं मिली सीट तो बुक किया था ट्रैक्टर
बताया जा रहा है कि बिहार के रहने वाले ये सभी लोग पहले बस, ट्रेन और हवाई जहाज में टिकट ढूंढ रहे थे, लेकिन जब टिकट नहीं मिला तो छठ पूजा में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली बुक किया और दिल्ली से बिहार के लिए रवाना हो गए थे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मंगलवार की सुबह कूरेभार थाना क्षेत्र में इनकी ट्रैक्टर ट्रॉली पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर माइलस्टोन 118 के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आए एक बेलगाम ट्रक ने इन्हें रौंद दिया. इस हादसे में ट्रॉली पलट गई और इसके चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं बाकी 20 से अधिक लोग घायल हो गए.
गंगा एक्सप्रेसवे पर दो हादसों में 3 की मौत
उत्तर प्रदेश के ही गंगा एक्सप्रेसवे पर महज कुछ घंटे के अंदर दो हादसे हुए. इसमें चलती कार के ब्रेक जाम होने की वजह से गाड़ी पलट गई. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई. जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. यह सभी लोग नोएडा से भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे थे. यह हादसा परशुरामपुरी थाना क्षेत्र में हुआ. इस घटना से कुछ देर पहले ही ट्रक से कुचलकर एक कंडक्टर और क्लीनर की मौत हो गई. यह हादसा गंगा एक्सप्रेसवे पर जलालाबाद थाना क्षेत्र में हुआ है.