Quick Samachar: Bareilly News: उत्तर प्रदेश में बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में हुए चर्चित अर्जुन हत्याकांड में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. बहन के प्रेम संबंध के विरोध से शुरू हुआ विवाद आखिरकार युवक की हत्या तक पहुंच गया. इस मामले में पहले ही एक आरोपी अर्पित को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अब दूसरे आरोपी कुश को गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. घटना के बाद परिजनों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की थी. आरोपी कुश ने पुलिस के सामने अपना जुल्म कबूल किया है.

दरअसल, 15 जून की रात करीब 11:30 बजे थाना बारादरी क्षेत्र में डीजे संचालक अर्जुन मौर्या को गोली मारने की सूचना पुलिस को मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. मृतक की पहचान संजयनगर निवासी अर्जुन के रूप में हुई. परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
जांच में सामने आया कि अर्जुन अपनी बहन के प्रेम संबंध का विरोध कर रहा था. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी कुश उर्फ नन्हे ने बताया कि उसका अर्जुन की बहन के साथ करीब तीन साल से प्रेम संबंध था. अर्जुन इस रिश्ते के खिलाफ था और इसे लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था. घटना वाले दिन बेकरी के पास दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान अर्जुन ने कुश को थप्पड़ मार दिया था. इसके बाद कुश ने अपने साथियों अर्पित उर्फ पहाड़ी और कपिल को पूरी बात बताई. तीनों ने मिलकर अर्जुन को रोकने की योजना बनाई.
मंदिर के पास रोककर मारी गोली
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने अर्जुन को संजयनगर गौसाई गौटिया स्थित मंदिर के पास तिराहे पर रोका. बातचीत के दौरान मामला फिर बढ़ गया और आरोप है कि अर्पित उर्फ पहाड़ी ने तमंचे से गोली चला दी. गोली लगने से अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे.
इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था. परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, एनकाउंटर और बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई थी, इतना ही नहीं पोस्टमार्टम हाउस पर धरना प्रदर्शन किया और रोड को जाम कर दिया था.
दूसरा आरोपी पकड़ा गया
पुलिस ने जांच के दौरान पहले आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब शनिवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी कुश उर्फ नन्हे को डीडीपुरम पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में कुश ने स्वीकार किया कि वह घटना में शामिल था और वारदात के बाद छिपकर रह रहा था. पुलिस के मुताबिक वह अपने साथी कपिल का इंतजार कर रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया. फिलहाल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
💬 Comments (0)
Leave a Comment