प्रेमी ने बुलाया, मुर्गा दुकान के चाकू से प्रेमिका पर हमला

प्रेमी ने बुलाया, मुर्गा दुकान के चाकू से प्रेमिका पर हमला
Featured Image

कुरथौल में प्रेमी ने प्रेमिका को मिलने बुलाया और फिर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. घायल युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी.

young woman stabbed with a knife : परसा बाजार थाना क्षेत्र के कुरथौल में सोमवार को एक शादीशुदा युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. घायल युवती की पहचान जहानाबाद जिले के घोसी नवादा इलाके की रहने वाली इंदु कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, युवती पहले न्यू इतवारपुर इलाके में पति के साथ किराये के मकान में रहती थी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान उसकी जान पहचान स्थानीय निवासी राजकुमार यादव से हुई थी. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद विवाद की स्थिति बनी.

कुरथौल पहुंची थी युवती, जहानाबाद की निवासी है महिला

पुलिस के अनुसार, इंदु कुमारी बाद में पति के साथ गांधी मैदान इलाके में रहने लगी थी. सोमवार को गांधी मैदान इलाके में प्रदर्शन के कारण राजकुमार वहां नहीं पहुंच सका. इसके बाद इंदु उससे मिलने न्यू इतवारपुर-कुरथौल इलाके में पहुंची. कुरथौल में लाल पथ के सामने एक मुर्गा दुकान के पास दोनों की मुलाकात हुई.

विवाद के बाद गले पर चाकू से वार

इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने मुर्गा काटने के लिए दुकान पर रखे चाकू से युवती के गले पर वार कर दिया. चाकू लगते ही युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गयी. उसके गले से काफी खून बहने लगा.

112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को 70 फीट बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं.

वारदात के बाद आरोपित फरार

घटना के बाद राजकुमार यादव मौके से फरार हो गया. परसा बाजार थाने की पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपित के भागने की दिशा और उसके संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके.

एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की है. सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विवाद की वजह की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, युवती और राजकुमार के बीच पहले से जान पहचान होने की बात सामने आयी है. हालांकि दोनों के बीच सोमवार को किस बात को लेकर विवाद हुआ और विवाद के बाद हमला क्यों किया गया, इसकी जांच की जा रही है. युवती की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ नहीं कर सकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *