Bareilly Road Accident: बरेली के किला पुल पर रविवार देर रात एक बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में था. ट्रक की रफ्तार और बेकाबू हालत देखकर सड़क पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधरउधर भागने लगे. हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई.

दरअसल रविवार देर रात ट्रक किला पुल से गुजर रहा था. इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। ट्रक सामने चल रहे वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता चला गया. इसकी चपेट में स्कूटी समेत कई वाहन आ गए. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोग ट्रक को देखकर रास्ते से हटने की कोशिश करने लगे.
टक्कर मारते हुए सत्यप्रकाश पार्क में घुसा ट्रक
कुछ ही देर में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई. हादसे की सूचना पुलिस को दी गई.कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद ट्रक आगे बढ़ते हुए सत्यप्रकाश पार्क में जा घुसा. इसके बाद ट्रक रुका. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों ने घायलों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
हादसे में जखीरा, कुबड़ी पाकड़ निवासी 40 वर्षीय अजीम मियां पुत्र वजीर खान गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. अजीम की मौत की खबर परिवार वालों को मिली तो घर में कोहराम मच गया.
अफजल हुसैन समेत कई घायल
हादसे में किला थाना क्षेत्र के कंघी टोला निवासी अफजल हुसैन भी घायल हुए हैं. इसके अलावा कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है. ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.