उत्तर प्रदेश के बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में बंदरों का आतंक एक परिवार पर भारी पड़ गया. बंदरों को भगाने के लिए छत पर गए 39 वर्षीय धर्मपाल कश्यप को बंदरों ने दौड़ा दिया. उनसे बचने की कोशिश में धर्मपाल छत से नीचे गिर गए. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. धर्मपाल की मौत से उनकी पत्नी और चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया.

बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के भौआपुर गांव निवासी धर्मपाल कश्यप मजदूरी करके परिवार का पालनपोषण करते थे. उनके बेटे सुभाष ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि घर में अचानक बंदरों का झुंड घुस आया था. बंदरों को भगाने के लिए धर्मपाल छत पर चले गए. धर्मपाल बंदरों को भगाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान बंदरों ने उन्हें दौड़ा दिया. अचानक बंदरों से बचने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई.
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. गंभीर हालत में धर्मपाल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. परिजनों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई. धर्मपाल की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों के मुताबिक धर्मपाल मेहनतमजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे. उनकी मौत के बाद पत्नी और चार बच्चों के सामने परिवार चलाने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है.
कबाड़ की फेरी कर रहे युवक पर बंदरों का हमला
कैंट क्षेत्र में बंदरों के हमले की एक और घटना सामने आई है. चनेटी गांव निवासी 35 वर्षीय पिंटू पर मंगलवार दोपहर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया. हमले में बंदर ने उनके हाथ में काट लिया. घायल पिंटू इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे.
पिंटू ने बताया कि वह कांधरपुर गांव में कबाड़ की फेरी कर रहे थे. इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड उनके पास पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया. बंदर ने उनके उल्टे हाथ में काट लिया. उनके शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बंदरों को वहां से भगाया.बंदरों के लगातार हमलों से क्षेत्र के लोगों में डर बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि बंदर घरों की छतों और गलियों में घूमते रहते हैं.