बाराबंकी में सियासी घमासान, मुलायमअखिलेश के विवादित होर्डिंग पर बवाल, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर

बाराबंकी में सियासी घमासान, मुलायमअखिलेश के विवादित होर्डिंग पर बवाल, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर
बाराबंकी में सियासी घमासान, मुलायमअखिलेश के विवादित होर्डिंग पर बवाल, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी शहर में मंगलवार सुबह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुस्लिम टोपी पहने तस्वीरों वाले विवादित होर्डिंग लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया। नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए इन होर्डिंगों में दोनों नेताओं की तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करते हुए विवादित होर्डिंग फाड़कर हटा दिए।

सुबहसुबह लगी होर्डिंग, लिखे थे विवादित नारे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब सात बजे लोगों की नजर इन होर्डिंगों पर पड़ी।  होर्डिंग में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को मुस्लिम टोपी में दर्शाते हुए “दिल में बाबर, मुंह में राम” जैसे विवादित नारे लिखे गए थे। इसके साथ ही अयोध्या आंदोलन और कारसेवकों से जुड़े पुराने बयानों का भी उल्लेख किया गया था।पोस्टर सामने आते ही इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। सूचना मिलने पर सपा नेता ताज बाबा राईन अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे राजनीतिक माहौल खराब करने की साजिश बताते हुए कड़ा विरोध जताया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने विवादित होर्डिंग मौके पर ही फाड़कर हटा दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

तनावपूर्ण माहौल के बीच गरमाई सियासत

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब बीते रविवार को बाराबंकी में ज्योतिषपीठाधीश्वर एवं द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गोरक्षा जनजागरण यात्रा को लेकर जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज रही थी। इसके दो दिन बाद सामने आए इस विवादित होर्डिंग ने जिले की सियासत को नया मुद्दा दे दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवादित होर्डिंग किसने लगवाए, उन्हें कब लगाया गया और इसके पीछे किसका हाथ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *